लूट की वारदातों ने बढ़ाई शहरवासियों की बेचैनी
गुरु अर्जुन देव नगर में अपने रिश्तेदार के यहां आई पटियाला की महिला से झपटमारों ने सोने की चेन झपट ली।
जासं, लुधियाना : गुरु अर्जुन देव नगर में अपने रिश्तेदार के यहां आई पटियाला की महिला से झपटमारों ने सोने की चेन झपट ली। वह पार्क में सैर कर लौट रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज किया है। कृष्णा स्ट्रीट दर्शनी गेट पटियाला ने बताया कि वह श्री गुरु अर्जुन देव नगर में अपने रिश्तेदारों को मिलने के लिए आई हुई थी। 21 अगस्त की सुबह वह एलआइजी पार्कं से सैर कर लौट रही थी। तभी मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। थाना डिवीजन 7 में केस दर्ज हुआ है। दात दिखाकर मोबाइल और पैसे लूटे
शहर के दशहरा ग्राउंड निवासी सतिंदर सिंह से दो युवकों ने दात दिखाकर मोबाइल और पैसे लूट फरार हो गए। इनमें से एक के मुंह से कपड़ा उतरने पर लूट का शिकार हुए व्यक्ति ने उसे पहचान लिया। पुलिस ने उसके द्वारा बताई पहचान के आधार पर दोनों युवकों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी एएसआइ तरसेम सिंह ने बताया कि साहिबजादा अजीत सिंह नगर निवासी धरमिंदर सिंह और रवि के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों की तलाश की जा रही है।
लुटेरा गिरोह के 3 सदस्य नामजद
पुलिस ने बसंत एवेन्यू के पियूष राय नामक युवक और उसके दो साथियों को लूट करने के मामले में नामजद किया है। हवलदार गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह फूलावाल चौक में मौजूद थे। उन्हें सूचना मिली कि पियूष राय नामक युवक अपने दो अन्य साथियों के साथ कार में घूम रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। हवलदार गुरप्रीत सिंह के अनुसार अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।