घंटा घर चौक में धरना देने पर विवाद बढ़ा, शिअद जिला अध्यक्ष व यूथ प्रधान गोशा समेत 23 पर केस
एसएचओ राजवंत सिंह की ओर से दर्ज किए गए केस में हवाला दिया गया है कि पुलिस की तरफ से बाजारों में अतिक्रमण को हटाने के विरोध में रेहड़ी-फड़ी यूनियन ने घंटाघर में धरना दिया था।
लुधियाना, जेएनएन। रेहड़ी-फड़ी यूनियन के साथ मिलकर घंटा घर चौक में धरना देकर रोड जाम करने के आरोप में पुलिस ने शिरोमणि अकाली दल के जिला प्रधान रणजीत सिंह ढिल्लों तथा जिला यूथ प्रधान-1 गुरदीप सिंह गोशा समेत 23 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसके 350 से ज्यादा अज्ञात लोगों को भी नामजद किया गया है।
इस केस में शिअद नेता रणजीत सिंह ढिल्लों, गुरदीप सिंह गोशा समेत रेहड़ी फड़ी यूनियन के प्रधान बाल किशन पप्पी के साथ-साथ सोम नाथ, नानो लाल, अमनदीप सिंह, सुरेश कुमार बस्ती, सुमित, सोनू, भोला, विक्की सैंडविच, हरदीप सिंह, विजय कुमार, सुभाष शर्मा, परमजीत सिंह, सुरेश कुमार, सोनू, बदराम बानिया, मदन लाल, रतन गाबा, सुशील कुमार, धरमिंदर तथा अमरीक सिंह को नामजद किया गया।
एसएचओ राजवंत सिंह की ओर से दर्ज किए गए केस में हवाला दिया गया है कि पुलिस की तरफ से बाजारों में अतिक्रमण को हटाने के विरोध में रेहड़ी-फड़ी यूनियन ने 31 जनवरी को घंटाघर में धरना-प्रदर्शन किया था। इसमें दोनों अकाली नेता शामिल हुए थे। पुलिस कमिश्नर ने धारा 144 के तहत निर्देश जारी किए गए थे कि किसी भी जगह चार से ज्यादा लोग इकट्ठे खड़े नहीं हो सकते। ऐसे में उन लोगों ने कमिश्नर के आदेश का उल्लंघन कर रोड जाम किया। अन्य के नाम पता कराए जा रहे हैं। एसएचओ राजवंत सिंह ने कहा कि जल्दी ही नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पिछले महीने भी किया था प्रदर्शन
पिछले दिनों पुलिस और नगर निगम ने शहर की मुख्य सड़कों पर कब्जे हटाने के लिए अभियान शुरू किया था। पुलिस व नगर निगम की तरफ से अतिक्रमण करने वाले रेहड़ी-फड़ी वालों व दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए थे। चेतावनी के बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले रेहड़ी-फड़ी के खिलाफ पुलिस ने केस भी दर्ज किए थे। इससे पहले भी जगराओं पुल पर रेहड़ी-फड़ी वालों ने प्रदर्शन किया था।