सुबह हुई शादी, शाम को मांग सूनी, कार कैंटर से भिड़ने के कारण दूल्हे और जीजा की मौत
बुधवार सुबह राहुल की शादी हुई थी। वे शादी के बाद पार्टी करने के बाद फोर्ड आइकॉन कार में भट्टियां की ओर जा रहे थे। हादसे के वक्त पांच सीटर कार में सात लोग सवार थे।
लुधियाना, जेएनएन। विधि का विधान देखिए, बुधवार सुबह दुल्हन के साथ फेरे लिए और रात को सड़क हादसे में दूल्हे समेत दो लोगों की मौत हो गई। जान गंवाने वाला दूसरा व्यक्ति दूल्हे का जीजा है। उनकी तेज रफ्तार कार आगे जा रहे कैंटर के पीछे जा घुसी। इस घटना में पांच अन्य लोग घायल हो गए। उनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उन्हें डीएमसी में भर्ती कराया गया जबकि चार अन्य सिविल अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
घटना बुधवार रात 10.30 बजे की है। अंडे से लदा कैंटर लुधियाना से जम्मू की ओर जा रहा था। मृतकों की पहचान भट्टियां निवासी दूल्हा राहुल और हिमाचल प्रदेश के मंडी निवासी उसके बहनोई राजू के रूप में हुई। घायलों में राहुल का भाई भट्टियां निवासी आशु, ताया का बेटा अजय, जैन कॉलोनी शेरपुर निवासी दोस्त नवीन और चिंटू शामिल हैं। जैन कॉलोनी निवासी अनीश को डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बुधवार सुबह राहुल की शादी हुई थी। वे शादी के बाद पार्टी करने के बाद फोर्ड आइकॉन कार में भट्टियां की ओर जा रहे थे। पांच सीटर कार में सात लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने शराब पी हुई थी और उनकी कार की रफ्तार भी काफी थी। जस्सियां चौक के पास अचानक आगे जा रहे कैंटर के नीचे उनकी कार जा घुसी। हादसे में मौके पर ही जीजा-साले की मौत हो गई।
लुधियाना में कार दुर्घटना में दूल्हे राहुल की मौत के बाद रोते हुए उसके पिता।
कैंटर में फंसी कार को क्रेन की मदद से निकाला
घटना का पता चलते ही एसीपी नारकोटिक्स सेल राजकुमार चौधरी, थाना सलेम टाबरी प्रभारी वलजीत सिंह, थाना लाडोवाल प्रभारी बलविंदर सिंह और थाना दरेसी प्रभारी विजय कुमार मौके पर पहुंचे। कैंटर के नीचे फंसी कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। उसमें फंसे घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
कार को पीछे से जोर का झटका लगा तो ब्रेक लगाई: कैंटर चालक
कैंटर चालक जम्मू निवासी शमशेर कोहली ने कहा कि शाम को गांव सराभा से अंडे लोड करके वो जम्मू के लिए रवाना हुआ था। जालंधर बाईपास से वो सर्विस लेन पर 40 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से जा रहा था। अचानक जोरदार उसकी गाड़ी को जोरदार झटका लगा। इस पर उसने ब्रेक लगा दिए। उतर कर देखा तो उसके कैंटर के पीछे कार बुरी तरह से फंसी हुई थी। उन्होंने फोन करके पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पत्नी बोली, मुझे एक बार राहुल का चेहरा तो दिखा दो
आज ही सुबह सात फेरे लेकर जनम जनमांतर तक साथ निभाने की कसमें खाने वाले राहुल की पत्नी मधु को जब उसकी मौत का पता चला तो वो बेसुध हो गई। बुधवार शाम ही डोली में सवार होकर अपने ससुराल पहुंची मधु पति से मिलने की कल्पना में ही थी कि उसे उसकी मौत का समाचार मिल गया। देर रात रिश्तेदार उसे अपने साथ सिविल अस्पताल ले आए। अस्पताल में वह विलाप करते हुए केवल इतना ही कह रही थी कि उसे केवल राहुल का चेहरा देखना है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें