विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बीजेपी-शिअद का होगा गठबंधन? रामदास अठावले ने पंजाब के लिए बताया फायदेमंद

Published: Fri, 11 Sep 2026 07:23 PM (GMT+05:30)

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिअद के गठबंधन की वकालत की है, जिसमें उनकी पार्टी आरपीआई भी शामिल होगी।

रामदास अठावले ने पंजाब में भाजपा-शिअद गठबंधन को बताया फायदेमंद।

रामदास अठावले ने पंजाब में भाजपा-शिअद गठबंधन को बताया फायदेमंद।

HighLights

  1. अठावले ने पंजाब में भाजपा-शिअद गठबंधन की वकालत की।

  2. डॉ. आंबेडकर प्रतिमा अपमान की निंदा, जांच की मांग की।

  3. किसानों के आंदोलन को उचित बताया, नशे से मौत पर दुख।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। केंद्रीय सामाजिक न्याय और सशक्तीकरण राज्यमंत्री रामदास अठावले ने पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिअद में गठबंधन की वकालत की है। पंजाब दौरे पर पहुंचे अठावले ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि शिअद और भाजपा का गठबंधन पंजाब के लिए फायदेमंद होगा।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआइ) भी इस गठबंधन में शामिल होगी। उल्लेखनीय है कि अनुसूचित जाति के बीच आरपीआइ का आधार है और वह विधानसभा चुनाव में इसे भुनाने का प्रयास कर रही है। अठावले ने पंजाब दौरे के दौरान अमृतसर और जालंधर का भी भ्रमण किया और गुरु निरंजन दास से भेंट की।

लुधियाना में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा के अपमान की निंदा करते हुए अठावले ने इसे आपसी भाईचारे में दरार डालने की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पंजाब का भाईचारा बरकरार रहे।

किसानों द्वारा अपनी मांगों को लेकर किए जा रहे आंदोलन को अठावले ने उचित करार दिया। हालांकि, उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की हितैषी है और उनकी समस्याएं दूर करने का प्रयास करती है, लेकिन किसानों के मुद्दों को राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए।

संगरूर में नशे से तंग आकर सरपंच पर आरोप लगाते हुए जहर निगलकर आत्महत्या करने वाले गुलजार सिंह की घटना को अठावले ने दुखदायी बताया। उन्होंने कहा कि इस मामले की कड़ी जांच की जानी चाहिए और दोषी को सजा दिलाई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई इस तरह का कदम न उठाए।

यह भी पढ़ें- पंजाब प्रभारी बदलते ही कांग्रेस में बदले समीकरण, चन्नी के भाई की सदस्यता पर घमासान; नोटिस मिलते ही टली प्रेस कॉन्फ्रेंस