विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब प्रभारी बदलते ही कांग्रेस में बदले समीकरण, चन्नी के भाई की सदस्यता पर घमासान; नोटिस मिलते ही टली प्रेस कॉन्फ्रेंस

Published: Thu, 10 Sep 2026 09:34 PM (GMT+05:30)

पंजाब कांग्रेस में पूर्व सीएम चन्नी के भाई डॉ. मनोहर सिंह की पार्टी सदस्यता को लेकर विवाद गहरा गया है।

अमनदीप कौर ढोलेवाल (बाएं) डॉ. मनोहर सिंह (दाएं)।

अमनदीप कौर ढोलेवाल (बाएं) डॉ. मनोहर सिंह (दाएं)।

HighLights

  1. डॉ. मनोहर सिंह की कांग्रेस सदस्यता पर पंजाब में विवाद

  2. अमनदीप कौर ढोलेवाल को मानहानि का कानूनी नोटिस मिला

  3. जिला प्रधान ने ढोलेवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थगित कर दी

दीपक सूद, फतेहगढ़ साहिब। पंजाब कांग्रेस के बदले समीकरणों का असर धरातल पर नजर आने लगा है। पंजाब प्रभारी के बदले जाने के साथ ही राज्य में चन्नी गुट की पार्टी में बढ़ती सक्रीयता का असर बस्सी पठाना के उस विवाद पर भी दिखाई दिया, जो पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भाई डॉ. मनोहर सिंह की पार्टी सदस्यता को लेकर महिला नेता अमनदीप कौर ढोलेवाल के बयान से उपजा था।

अमनदीप कौर ढोलेवाल के सार्वजनिक हुए बयान को लेकर डॉ. मनोहर सिंह ने मानहानी का लीगल नोटिस भेजा था। जिस पर वीरवार 10 सिंतबर को ढोलेवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की कॉल दी थी, जिसे जिला प्रधान सुरिंदर सिंह रामगढ़ ने स्थगित करने का संदेश जारी कर दिया। दरअसल, मामला पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मनोहर सिंह से जुड़ा है।

डॉ. मनोहर सिंह 2022 का विधानसभा चुनाव बस्सी पठाना की आरक्षित सीट से पार्टी टिकट न मिलने पर आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़े थे। डॉ. मनोहर सिंह के दावे के मुताबिक 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले मई माह में उन्हें कांग्रेस के तत्कालीन पंजाब प्रभारी दविंदर यादव ने पार्टी में उनकी घर वापसी करवाई थी।

जिसकी पुष्टी को लेकर उन्होंने इंडियन नेशनल कांग्रेस के नाम के एक इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर साझा की गई तस्वीर को भी अपने पक्ष में जारी किया है। उधर, कांग्रेस की महिला नेता व बस्सी पठाना सीट से टिकट की दावेदार अमनदीप कौर ढोलेवाल ने पिछले दिनों एक बयान दिया, जिसमें उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि डॉ. मनोहर सिंह पार्टी के सदस्य ही नहीं हैं।

हालांकि, उनका कहना है कि उन्होंने उसी बात को दोहराया जो उस समय के पंजाब प्रभारी भुपेश बघेल ने मीडिया को दिये अपने एक वक्तव्य में कही थी। यह मामला उस समय तूल पकड़ गया, जब ढोलेवाल के इस बयान पर डॉ. मनोहर सिंह ने उन्हें मानहानी का लीगल नोटिस भेज दिया। अमनदीप कौर ढोलेवाल के मुताबिक उन्हें यह नोटिस मिल चुका है।

उन्होंने पहले इस पर अपनी प्रतिक्रिया देने के लिये वीरवार 10 सितंबर को सुबह 11 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की कॉल दी थी, जिसे जिला प्रधान ने निर्धारित समय से करीब दो घंटे पहले मैसेज भेज स्थगित कर दिया। अब चर्चा इस बात को लेकर है कि जो जिला प्रधान कुछ समय पहले तक डॉ. मनोहर सिंह की मुखालफत कर रहे थे, वही अब एक महिला नेता के पक्ष में उतरने से कतरा क्यों रहे हैं।

अब जवाब सीधे अदालत में: ढोलेवाल

अमनदीप कौर ढोलेवाल ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें नोटिस मिल चुका है, और अब इसका जवाव अदालत में देंगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थगित किये जाने को लेकर उन्होंने कहा कि जिला प्रधान ही इसे स्पष्ट कर सकते हैं।

हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि वह अपने बयान पर कायम हैं, और उन्होंने वही बात दोहराई जो पूर्व पंजाब प्रभारी ने डॉ. मनोहर सिंह को लेकर सार्वजनिक रूप से कही थी।

किसी तरह का बयान देना जल्दबाजी: रामगढ़

कांग्रेस के जिला प्रधान सुरिंदर सिंह रामगढ़ का इस मामले पर कहना है कि चन्नी के भाई डॉ. मनोहर सिंह पार्टी सदस्य हैं या नहीं, इसे हाई कमान ही स्पष्ट करेगी। रामगढ़ का कहना है कि उनकी ढोलेवाल इस संबंध में चर्चा हुई है, उन्हें बुधवार शाम तक कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ था। जब नोटिस मिलेगा तब पार्टी नेतृत्व से चर्चा कर पक्ष रखा जाएगा। तब तक इस मामले में कोई बयान देना जल्दबाजी होगी।