पंजाब में भगवंत मान हो सकते हैं आम आदमी पार्टी के सीएम फेस, धूरी से चुनाव लड़ाने की तैयारी
Punjab Chunav 2022 पंजाब में भगवंत मान आम आदमी पार्टी (AAP) के सीएम फेस हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी में इस पर लगभग सहमति बन चुकी है। इसका एलान कुछ ही दिनों में कर दिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। AAP Punjab CM Face: आम आदमी पार्टी के संगरूर से सांसद भगवंत मान को पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव में सीएम फेस बना सकती है। हालांकि अभी तक किसी पार्टी नेता ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है लेकिन पार्टी सूत्रों के अनुसार आप की ओर से मान का नाम लगभग तय कर लिया गया है। अगले कुछ दिन में इसकी औपचारिक घोषणा हो सकती है। यह भी बताया गया है कि मान को धूरी हलके से चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है।
पार्टी के सूत्रों के अनुसार लंबी चर्चा के बाद आम आदमी पार्टी में अब मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में भगवंत मान के नाम पर सहमति बन गई है, जबकि इससे पहले पार्टी की राष्ट्रीय लीडरशिप भगवंत मान को मुख्यमंत्री के पद का फेस बनाकर चुनाव मैदान में उतारने के लिए तैयार नहीं थी। सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय लीडरशिप यह मानकर चल रही थी कि भगवंत मान को केवल मालवा के लोग ही चाहते हैं, जबकि माझा व दोआबा में भगवंत मान के लोग स्वीकार नहीं करते, परंतु लंबी चर्चा के बाद इस बात पर ही सहमति बनी कि भगवंत मान को बी पंजाब में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाकर विधानसभा चुनाव लड़ा जाए।
उल्लेखनीय है कि भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद का चेहरा न घोषित किए जाने के कारण वह पार्टी से नाराज चल रहे थे और खुद को पार्टी के कार्यक्रमों से दूर रख रहे थे। उनके समर्थक भी इसे लेकर लगातार अपना विरोध दर्ज करा रहे थे। बठिंडा देहाती से आप विधायक रूपिंदर कौर रूबी ने भी भगवंत मान के पक्ष में स्टैंड लिया और सुनवाई न होने के आरोप लगाकर आप छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गईं। फिर भी लंबे समय तक पार्टी ने अपना स्टैंड नहीं बदला था। परंतु अब पार्टी ने भगवंत मान के नाम पर सहमति बना ली है। यह भी एक बड़ी वजह है कि भगवंत मान अब पंजाब में घूमकर जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैैं।