आपकी स्किन के लिए घातक हो सकती है थोड़ी सी लापरवाही, गर्मियों में एेसे बरतें सावधानी
एक महीने बाद गर्मी जोर पकड़ लेगी। गमी का मौसम आते ही त्वचा से संबंधित परेशानियां बढ़ जाती हैं।
जेएनएन, लुधियाना। एक महीने बाद गर्मी जोर पकड़ लेगी। गर्मी का मौसम आते ही त्वचा से संबंधित परेशानियां बढ़ जाती हैं। ऐसे में जरा सी लापरवाही त्वचा के लिए घातक हो सकती है। यह कहना था दयानंद मेडिकल कॉलेज एंड हाॅस्पिटल (डीएमसीएच) की त्वचा रोग विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विदुषी सिंघल का। वह दैनिक जागरण की ओर से आयोजित हेलो जागरण कार्यक्रम में गर्मियों के मौसम में त्वचा को सुरक्षित व तरोताजा रखने को लेकर पाठकों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दे रही थीं। डॉ. विदुषी ने कहा कि गर्मियों में शरीर का जो भाग धूप के संपर्क में अधिक आता है, उसकी देखभाल करनी चाहिए। जैसे चेहरा, आंख, बाजू, गर्दन। उन्होंने कहा कि गर्मियों में अक्सर पसीने की वजह से खुजली, मुहांसे, रैशेज व सनबर्न की शिकायतें होती हैं। सन बर्न तेज धूप के संपर्क में आने पर होता है।
ऐसे बरतें सावधानी
डॉ. विदुषी ने कहा कि हमें कोशिश करनी चाहिए कि जब भी घर से बाहर निकलें तो सन स्क्रीन क्रीम जरूर लगाएं। सन प्रोटेक्शन चेहरे के साथ-साथ कान, गर्दन, बाजू व हाथों पर भी लगाएं। इसके अलावा गर्मियों में सूती कपड़े पहनने चाहिए। दिन में कम से कम आठ से दस गिलास पानी जरूर पीना चाहिए। फलों का जूस लेना भी बेहतर रहता है। आंखों के संक्रमण से बचाव के लिए अच्छी क्वालिटी का धूप का चश्मा पहनना चाहिए।
लोगों के इन सवालों के दिए जवाब
हेलो जागरण कार्यक्रम में पाठकों की ओर से पूछे गए सवालों का जवाब देतीं दयानंद मेडिकल कॉलेज एंड हाॅस्पिटल (डीएमसीएच) की त्वचा रोग विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विदुषी सिंघल।
सवाल: सही तरह से नींद नहीं आती। आंखों के नीचे काले घेरे हैं। इससे बचाव के लिए क्या करूं?
-मेघा, बीआरएस नगर
जवाब: पहले तो रोजाना कम से कम सात से आठ घंटे की नींद लें। किन्नू, खीरा, टमाटर खाएं। मोबाइल का इस्तेमाल कम करें। आइ मेकअप को इग्नोर करें। काले घेरों पर नारियल का तेल लगाएं। फर्क महसूस होगा।
सवाल: चेहरे पर जलन होती है?
-सरोज त्रिवेदी, ग्यसपुरा
जवाब: गोरा करने का दावा करने वाली क्रीमों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। त्वचा रोग विशेषज्ञ के परामर्श के अनुसार ही त्वचा के लिए क्रीम खरीदें। सन स्क्रीन क्रीम लगाएं। एक बार त्वचा रोग विशेषज्ञ से जांच जरूर करवाएं।
सवाल: मेरे शरीर पर फंगस की वजह से कई तरह की समस्याएं आती हैं?
-आयशा, जमालपुर
जवाब: पूरा इलाज करवाएं। एंटी फंगल दवाएं लें। लेकिन इसके लिए त्वचा रोग विशेषज्ञ से पहले जरूर मिलें। अपनी पूरी बाडी को हमेशा साफ रखें।
सवाल: अक्सर खारिश रहती है? देसी दवाई भी खाई।
-भूपिंदर सिंह
जवाब: बाहर का खाना व देसी दवाएं न लें। एक बार त्वचा रोग विशेषज्ञ से जांच करवाएं। जांच के बाद पूरा इलाज करवाएं। बीमारी से छुटकारा मिल जाएगा।