जोधेवाल फ्लाईओवर का काम अंतिम चरण में, यातायात के लिए जल्द खोला जाएगा Ludhiana News
कंपनी जल्दी ही इसका निर्माण पूरा कर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया को सौंप देगी और उसके बाद पूरे फ्लाईओवर को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
लुधियाना, जेएनएन। बस्ती जोधेवाल फ्लाईओवर का काम अब आखिरी चरण में पहुंच गया है। कंपनी जल्दी ही इसका निर्माण पूरा कर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया को सौंप देगी और उसके बाद पूरे फ्लाईओवर को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। फ्लाईओवर पर रेलिंग लगाने का काम शुरू कर दिया गया है।
मिट्टी व पत्थरों की फाइनल लेयर बिछाने का काम चल रहा है। यह काम पूरा होते ही उस पर प्रीमिक्स डाल दिया जाएगा और फिर फ्लाईओवर को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि 15 नवंबर तक फ्लाई ओवर यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। बस्ती जोधेवाल में फ्लाईओवर का निर्माण पूरा न होने की वजह से लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा था।
करीब डेढ़ माह पहले ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए फ्लाईओवर का एक हिस्सा शुरू कर दिया था। इसके बाद भी समराला चौक से जालंधर बाईपास की तरफ जाते हुए ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा था। ट्रैफिक पुलिस ने कंपनी को कहकर फ्लाईओवर का यह हिस्सा भी आधा तैयार करवाया और उस पर भी ट्रैफिक चालू करवा दिया। जिसे आधे पुल के बाद दूसरी साइड में डायवर्ट किया गया।
फ्लाईओवर के दूसरी तरफ बिजली के खंभों की वजह से काम नहीं हो पा रहा था। इसे बाद में प्रशासन ने हटवाया तो कंपनी ने तेजी के साथ काम शुरू किया। मेयर बलकार सिंह संधू भी कंपनी को 15 नवंबर तक पुल का काम पूरा करने को कह चुके हैं। साइट पर काम कर रहे कंपनी के प्रतिनिधियों का कहना है कि दो से तीन दिन में रेलिंग करके फाइनल लेयर तैयार कर दी जाएगी और उसके बाद कारपेटिंग कर सड़क को तैयार कर दिया जाएगा।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें