लुधियाना में श्री रामलीला मैदान दरेसी ग्राउंड से चाइना डोर के खिलाफ निकाली जागरूकता रैली
एक्शन अगेंस्ट करप्शन संस्था ने विभिन्न संस्थाओं के साथ मिलकर प्राचीन श्री रामलीला मैदान दरेसी ग्राउंड से विशाल जागरूकता रैली निकाली। यह जागरूकता रैली दरेसी मैदान से शुरू होकर विभिन्न बाजारों प्रताप बाजार मीना बाजार चौक गिरजाघर चौक चौड़ा बाजार से होते हुई घंटाघर चौक पर आकर संपन्न हुई।
लुधियाना, जेएनएन। लोगों व बेजुबान पक्षियों की जिंदगी के लिए बेहद घातक सिद्ध होने वाली चाइना डोर के खिलाफ पिछले लंबे समय से संघर्ष कर रही समाज सेवी संस्था एक्शन अगेंस्ट करप्शन ने लुधियाना की राजनीतिक, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर प्राचीन श्री रामलीला मैदान दरेसी ग्राउंड से विशाल जागरूकता रैली निकाली। यह जागरूकता रैली दरेसी मैदान से शुरू होकर विभिन्न बाजारों प्रताप बाजार, मीना बाजार चौक, गिरजाघर चौक, चौड़ा बाजार से होते हुई घंटाघर चौक पर आकर संपन्न हुई।
जागरूकता रैली में संस्था के सैकड़ों सदस्यों ने हाथों में पकड़े बैनरों के माध्यम से प्लास्टिक डोर एवं चाइना डोर के गंभीर परिणामों से आमजन को अवगत करवाया। जागरूकता रैली के दौरान चाइना डोर का बायकाट कर पुलिस प्रशासन को सहयोग करने की अपील की गई। जागरूकता रैली में शिव सेना हिंदुस्तान, कांग्रेस किसान मोर्चा, हैल्पिंग हैंड्स क्लब, लुधियाना यूथ फेडरेशन, यूथ आफ इंडिया आदि संगठनों ने मिलकर चाइना डोर के खिलाफ लोगों को जागरूक करते हुए आवाज बुलंद की।
इस मौके पर एक्शन अगेंस्ट करप्शन के सरपरस्त चंद्रकांत चड्ढा ने कहा कि जिस प्रकार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चाइना डोर से हुए महज तीन हादसों के बाद सख्त कानून बनाते हुए चाइना डोर बेचने व खरीदने वालों पर सख्त कार्रवाई का प्रावधान बनाया है। उसी प्रकार पंजाब में भी पिछले वर्षों से हो रहे लगातार गंभीर हादसों को मुख्य रखते हुए पंजाब सरकार भी पंजाब के अंदर चाइना डोर बेचने व खरीदने को लेकर सख्त कानून बनाए।
इस मौके पर शिवसेना हिंदुस्तान से पंजाब प्रभारी कृष्ण शर्मा, चंद्र कालड़ा, देवेंद्र भागरिया, एडवोकेट नितिन घंड, गौतम सूद,एक्शन अगेंस्ट करप्शन के चेयरमैन रोबिन चुघ, उपाध्यक्ष जयदीप सिंह,राहुल थम्मन, मुख्य सलाहकार मनोज चौहान, हैल्पिंग हैंड्स क्लब के रमन गोयल, एडवोकेट पवन शर्मा, आल इंडिया कांग्रेस सेल के कॉर्डिनेटर गुरसिमरन मंड, लुधियाना यूथ फेडरेशन के राजू वोहरा, यूथ आफ इंडिया के तरुण गोयल, व्यापार विंग से अखिल कक्कड़, योगेश बांसल, नमन भाटिया, मुनीश बेदी, केशव बांसल, गगन कुमार, लक्की कुमार, गुरबिंदर सिंह, जौनी मेहरा, विक्की नागपाल, संजीव रिहान, राजेश हैप्पी मौजूद थे।