चार बदमाशों ने म्यूजिक कंपोजर पर किया हमला, गाड़ी से सामान लूटकर हुए फरार
बोलेरो गाड़ी में सवार चार बदमाशों ने लुधियाना लौट रहे म्यूजिक कंपोजर का मंडी गोबिंदगढ़ से पीछा किया। ढोलेवाल चौक में आरोपियों ने रोक कर हमला कर दिया।
जेएनएन, लुधियाना। बोलेरो गाड़ी में सवार चार अज्ञात बदमाशों ने लुधियाना लौट रहे म्यूजिक कंपोजर का मंडी गोबिंदगढ़ से पीछा किया। ढोलेवाल चौक में आरोपियों ने उसे जबरदस्ती रोक कर उस पर हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपित म्यूजिक कंपोजर का बैग लूट कर फरार हो गए। बैग में एप्पल कंपनी का लेपटाप और मोबाइल समेत अन्य सामान था।
सूचना मिलने पर पहुंची थाना डिवीजन नंबर छह पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद कार नंबर पीबी03आर- 3637 में सवार चार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। एएसआइ शौकीन सिंह ने बताया कि उक्त केस जगतपुरी के प्रीत विहार निवासी आशीष कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया। पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि वो म्यूजिक कंपोजर का काम करता है। नौ दिसंबर की तड़के दो बजे वो अपनी स्विफ्ट कार में सवार होकर पटियाला से लुधियाना अपने घर लौट रहा था।
मंडी गोबिंदगढ़ से उक्त बोलेरो गाड़ी ने उसकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। ढोलेवाल चौक में उस गाड़ी ने आगे लग कर उसे जबरदस्ती रोक लिया। उसके रुकते ही तीन लोग नीचे उतरे। उन लोग ने आशीष पर हमला करके उसका बैग लूट लिया और फरार हो गए। शौकीन सिंह ने कहा कि गाड़ी के नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं। जल्दी ही आरोपितों को काबू कर लिया जाएगा।