घर में घुस मां, बच्चों और पड़ोसी पर हमला, छह लोगों की तलाश में जुटी पुलिस Ludhiana News
मुंडियां खुर्द के लेहरी नगर की चरणजीत ने बताया कि आरोपितों के साथ उनकी पुरानी रंजिश है। शुक्रवार को वह बच्चों के साथ घर में थी। तभी हथियारों से लैस आरोपितों ने हमला कर दिया।
लुधियाना, जेएनएन। रंजिश के चलते महिला समेत छह लोगों ने मुंडियां खुर्द के लेहरी नगर के एक घर में घुस कर महिला, उसकी दो बेटियों, बेटे और छुड़ाने अाए पड़ोसी पर हमला कर दिया। बाद में हमलावर जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गए। धमकियों से दहशत में आया बेटा घर से लापता है।
थाना जमालपुर पुलिस ने चरणजीत कौर की शिकायत पर मुंडियां खुर्द की टिब्बा कॉलोनी निवासी रिंकू, लेहरी नगर निवासी जतिंदर, साहिब, गुरलाल, उसकी पत्नी सरबजीत कौर तथा जमालपुर निवासी बिल्ला के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
चरणजीत कौर ने बताया कि आरोपितों के साथ उनकी पुरानी रंजिश है। शुक्रवार को वह अपनी बेटी जसवीर कौर, अमनदीप कौर और बेटे दलजीत सिंह (23) के साथ अपने घर में थी। तभी हथियारों से लैस आरोपितों ने घर में घुस कर उन पर हमला कर दिया। उनका पड़ोसी हरजिंदर सिंह जब उन्हें बचाने के लिए आया तो आरोपितों ने उस पर भी हमला कर घायल कर दिया। अारोपितों ने उसकी पगड़ी उतार दी। घटना के बाद अारोपित जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गए। उनके जाने के बाद डर के मारे उसका बेटा दलजीत सिंह घर छोड़ कर कहीं चला गया और लौट कर नहीं आया।
बेटे की शादी में कनाडा गए दंपति के घर लाखों की चोरी
लुधियाना, जेएनएन। दुगरी के गुरु ज्ञान विहार निवासी दंपती अपने बेटे की शादी करवाने कनाडा गए तो पीछे से चोरों ने ज्वेलरी और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने घर और लॉकर के ताले तोड़कर घटना को अंजाम दिया। घटना का पता तब चला, जब घरवालों की रिश्तेदार महिला ने अगले दिन घर के टूटे ताले देख कनाडा फोन करके वारदात की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर पहुंची थाना दुगरी पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेने के 15 दिन बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। एएसआई अनवर मसीह ने बताया कि उक्त केस भाई हिम्मत सिंह नगर निवासी नीरजा वशिष्ठ की शिकायत पर दर्ज किया गया है। नीरजा ने बताया कि उसकी बहन वीना वशिष्ठ अपने पति मोहन लाल शर्मा के साथ गुरु ज्ञान विहार के सेक्टर 3 में रहती है। उनका बेटा कनाडा में रहता है। बेटे की शादी कराने के लिए दोनों 7 जून को कनाडा चले गए थे। अपने घर की देखभाल के लिए वह चाबी उन्हें सौंप गए थे।
16 अक्टूबर की शाम 4 बजे वह उनके घर चक्कर लगाने के लिए गई थीं। उस समय तक सब ठीक ठाक था। कुछ समय रुकने के बाद वो ताला लगा कर वापस अपने घर लौट गई। अगली सुबह जब उसने वहां जाकर चेक किया तो बाहर गेट समेत सभी दरवाजों पर लगे ताले टूटे हुए थे। अंदर अलमारी व उसका लॉकर भी टूटा पड़ा था। उसमें रखे लाखों रुपये कीमत के जेवर व 70 हजार की नकदी गायब थी। वीना वशिष्ठ ने पुलिस को फोन पर बताया कि जेवरों की लिस्ट वे वापस आकर देंगी।
अनवर मसीह ने कहा कि इलाके में कहीं कोई सीसीटीवी कैमरा न होने के कारण पुलिस को सुराग लगाने में दिक्कत आ रही है। फिर भी विभिन्न एंगल से गहन छानबीन की जा रही है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें