विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लुधियाना में शिवसेना नेता के घर नशा रखने वाला ASI सस्पेंड, CCTV कैमरे में संदिग्ध हरकत करता दिखा पुलिसकर्मी

Published: Sun, 01 Nov 2026 11:43 PM (IST)

खन्ना पुलिस एक नशा बरामदगी मामले में सवालों के घेरे में आ गई है, जहां सीसीटीवी फुटेज में एक एएसआई ...और पढ़ें

बेड के नीचे हेरोइन रखता एएसआई। सीसीटीवी फुटेज से ली गई तस्वीर

बेड के नीचे हेरोइन रखता एएसआई। सीसीटीवी फुटेज से ली गई तस्वीर

HighLights

  1. एएसआई ने गद्दे के नीचे कथित तौर पर कुछ रखा।

  2. पुलिस ने उसी जगह से हेरोइन बरामदगी का दावा किया।

  3. सीसीटीवी फुटेज के बाद एएसआई निलंबित, महंत रिहा।

संवाद सहयोगी, खन्ना (लुधियाना)। नशा बरामदगी के एक मामले में खन्ना पुलिस उस समय सवालों के घेरे में आ गई, जब शिवसेना नेता महंत कश्मीर गिरी के घर की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सामने आई। इस रिकॉर्डिंग में पुलिस का एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआइ) कथित तौर पर बेड के गद्दे के नीचे कुछ रखते हुए नजर आ रहा है।

दिलचस्प बात यह है कि पुलिस ने बाद में इसी जगह से 30 ग्राम हेरोइन मिलने का दावा कर महंत को गिरफ्तार किया था। परिजनों ने गिरफ्तारी के बाद घर में लगे हिडन कैमरे की रिकॉर्डिंग सामने रखी तो पूरे घटनाक्रम पर विवाद खड़ा हो गया।

मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद खन्ना की एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने एएसआइ सुखदेव सिंह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया। घटनाक्रम के बाद महंत कश्मीर गिरी को भी रिहा कर दिया गया।

पहले अकेले कमरे में पहुंचा पुलिसकर्मी

सीसीटीवी फुटेज में घटनाक्रम क्रमवार दिखाई देता है। रिकॉर्डिंग के अनुसार, सादे कपड़ों में एएसआइ सुखदेव सिंह अकेले महंत के कमरे में प्रवेश करता है। कुछ पल रुककर वह आसपास देखता है और अपनी जेब से एक वस्तु निकालकर बेड के गद्दे के नीचे रख देता है।

इसके बाद वह गद्दे को व्यवस्थित कर कमरे से बाहर चला जाता है। रिकॉर्डिंग में इसके कुछ देर बाद सदर थाना प्रभारी विजयपाल सिंह और सिटी थाना-2 के प्रभारी तरविंदर बेदी पुलिस कर्मचारियों के साथ कमरे में पहुंचते दिखाई देते हैं। उस समय महंत कश्मीर गिरी भी पुलिस टीम के साथ मौजूद थे।

फुटेज में संबंधित एएसआइ कमरे से बाहर निकलता नजर आता है, जबकि बाकी पुलिस अधिकारी अंदर रहते हैं। इसके बाद पुलिस टीम कमरे में तलाशी लेती है।

पुलिसकर्मी गद्दे के नीचे से हेरोइन मिलने की बात कहते हैं और 30 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद होने का दावा किया जाता है। इसी आधार पर महंत को गिरफ्तार कर लिया गया था। महंत ने मौके पर ही बरामदगी से अपना कोई संबंध होने से इनकार किया था।

ड्राइवर से पूछताछ के बाद बनाई गई थी छापेमारी की योजना

इस पूरे मामले की शुरुआत शुक्रवार को हुई पुलिस कार्रवाई से जुड़ी है। पुलिस के अनुसार, महंत कश्मीर गिरी के ड्राइवर गुरजंट सिंह उर्फ जंटा को 7.5 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान ड्राइवर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने महंत के खिलाफ जांच आगे बढ़ाई।

इसके बाद सदर थाना और सिटी थाना-2 की संयुक्त टीम शनिवार दोपहर को महंत के आवास पर पहुंची। पुलिस की ओर से की गई इस कार्रवाई में 30 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा किया गया था। हालांकि, अब घर की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद बरामदगी की परिस्थितियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

आपराधिक मामलों को लेकर भी चर्चा में रहे हैं महंत

महंत कश्मीर गिरी एंटी-खालिस्तान फ्रंट के राष्ट्रीय प्रचारक रह चुके हैं। शिवसेना में भी वह प्रदेश स्तर के कई पदों पर कार्य कर चुके हैं। उनके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी है।

सितंबर 2025 में कथित तौर पर उनके गिरोह से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी का मामला भी सामने आया था। उस कार्रवाई में एक किलो से अधिक हेरोइन बरामद किए जाने का दावा किया गया था। मौजूदा मामले से पहले महंत कश्मीर गिरी जमानत पर जेल से बाहर थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।