पूर्व वालंटियर को आत्महत्या के लिए विवश करने वाला गिरफ्तार
टाइगर सफारी में मंगलवार को पुलिस के पूर्व वालंटियर ने जहर निगल आत्महत्या कर ली थी। उसकी पहचान गांधी नगर निवासी 22 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई थी। इस मामले में थाना सलेम टाबरी पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता लुधियाना : टाइगर सफारी में मंगलवार को पुलिस के पूर्व वालंटियर ने जहर निगल आत्महत्या कर ली थी। उसकी पहचान गांधी नगर निवासी 22 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई थी। इस मामले में थाना सलेम टाबरी पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोप में केस दर्ज करके बुधवार अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में सेंट्रल जेल भेज दिया गया। पकड़े गए युवक की पहचान गांधी नगर निवासी 24 वर्षीय राघव के रूप में हुई। मृतक दीपक के पिता अश्विनी कुमार ने बताया कि राघव उसके बेटे व उसकी महिला दोस्त को पिछले चार माह से परेशान कर रहा था। इसी लिए उसने जहर निगला।
सब इंस्पेक्टर मनजीत सिंह ने बताया कि राघव कोई काम धंधा नहीं करता था। उसका बिद्रा कालोनी निवासी एक महिला के साथ प्रेम संबंध था। कोरोना काल में दीपक पुलिस के साथ सिविल डिफेंस में वालंटियर के तौर पर काम कर रहा था। उसी दौरान राघव और उसकी प्रेमिका में झगड़ा हो गया तो मौके पर थाना दरेसी पुलिस पहुंची। दीपक भी पुलिस के साथ ही था। उसी दौरान उस महिला ने दीपक का मोबाइल नंबर ले लिया, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी और उनमें प्रेम संबंध बन गए। उस महिला का अपने पति से पंचायती तलाक हो चुका था। वो एक बच्चे की मां भी थी। इसके चलते दीपक का परिवार उन दोनों की शादी के लिए तैयार नहीं था।
राघव ने दीपक को महिला के खिलाफ भड़काया
दूसरी ओर राघव तीन चार महीने से दीपक के कान में उस महिला को लेकर तरह-तरह की बातें डाल रहा था। वह उक्त महिला के चरित्र पर भी लांछन लगा रहा था, जिसे लेकर दीपक मानसिक तौर पर तनावग्रस्त रहने लगा। दीपक ने बुधवार उक्त महिला के साथ शादी करने का फैसला कर लिया था, मगर मंगलवार राघव ने फिर से उसे महिला के बारे में उल्टा-सीधा कहा। इसके बाद दीपक टाइगर सफारी पहुंच गया और उस महिला को भी वही बुला लिया। वहां दोनों के बीच जमकर बहस हुई। उसके बाद दीपक ने एक वाइस रिकार्डिंग करने के बाद जहरीला पदार्थ निगल लिया। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मनजीत सिंह ने कहा उस रिकार्डिंग में दीपक का बयान था के उसकी मौत के लिए राघव जिम्मेदार है। मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच के लिए फोरेंसिक लैब में भेज दिया गया है। उसकी रिपोर्ट के बीच अगर कहीं महिला की इंवॉल्वमेंट सामने आई तो उसके खिलाफ भी बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।