जीवन में आगे बढें पर जन्मभूमि से न हों अलग: डॉ. अशोक दलवई
पंजाब कृषि विश्वविद्यालय(पीएयू) में वार्षिक दीक्षा समारोह का आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) में वार्षिक दीक्षा समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें वर्ष 2018-19 के मास्टर्स और पीएचडी प्रोग्राम की शिक्षा पूरी करने वाले चार सौ से अधिक विद्यार्थियों को डिग्रियां दी गई। पीएयू के पाल ऑडिटोरियम में चले इस समारोह में मुख्य मेहमान के तौर पर भारत सरकार के कृषि और किसान भलाई मंत्रालय में नेशनल रेनफेड एरिया अथॉरिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अशोक दलवई शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में पीएयू के अकादमिक, खोज और प्रसार क्षेत्र में की गई उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पंजाब को कृषि लाभ की ओर से देश की अध्यक्षता करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पंजाब के मेहनती लोगों ने कृषि क्षेत्र को नई बुलंदियों तक पहुंचाया है। पीएयू का इसमें अहम रोल है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते कहा कि वह जीवन में आगे बढ़ें पर जन्मभूमि से अलग न हों। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं की धरती है, जहां जीवन का उद्देश्य मानवता की भलाई करना है। इससे पहले पीएयू के वाइस चांसलर डॉ. बलदेव सिंह ढिल्लों ने मुख्य मेहमान का स्वागत किया और वार्षिक दीक्षा समारोह की रिपोर्ट पढ़ी। उन्होंने खेलों, सभ्याचारक कार्यक्रमों में पीएयू की ओर से हासिल की गई उपलब्धियों का भी जिक्र किया। डॉ. ढिल्लों ने नई किस्मों, नए बीज और उत्पादन तकनीक किसानों तक पहुंचाने और उनके प्रभावी प्रभाव का जिक्र भी किया। इस दौरान प्रियंका को सरदार करतार सिंह काहलों गोल्ड मेडल, रमनदीप कौर को डॉ. गुरबख्स सिंह गोल्ड मेडल, एशना को सरदार बहादुर सिंह मेडल, एकाशप्रीत किरन को डॉ. के कृपाल सिंह मेडल, मनप्रीत कौर को डॉ. जीएस सिद्धू मेडल देकर सम्मानित किया गया। बेहतरीन खोज में 2016-17 के लिए यामिनी टाक, 2017-18 के लिए जसप्रीत कौर को सर्टिफिकेट और दस-दस हजार रुपये की नकद राशि दी गई। कुछ वैज्ञानिकों को भी उनकी बेहतरीन सेवाओं और प्राप्तियों के लिए सम्मानित किया गया। दीक्षा समारोह के समापन पर डॉ. ढिल्लो ने मुख्य मेहमान अशोक दलवई को सम्मानित किया। डीन पोस्ट ग्रेजुएट स्टडीज डॉ. जीएस सांघा, पीएयू के पूर्व वाइस चांसलर डॉ. केएस औलख, डॉ. मंजीत सिंह कंग आदि शामिल हुए।