डिग्री सर्टिफिकेट के साथ उपलब्धियों के चलते छात्राएं पुरस्कृत
रामगढि़या गर्ल्स कॉलेज मिल्लरगंज में दीक्षा समारोह व वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।
जासं, लुधियाना : रामगढि़या गर्ल्स कॉलेज मिल्लरगंज में दीक्षा समारोह व वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्य मेहमान के तौर पर पंजाब यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. अरुण कुमार ग्रोवर शामिल हुए। विशेष अतिथि डीएवीसीएमसी कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. सतीश शर्मा पहुंचे। प्रिंसिपल डॉ. इंद्रजीत कलसी, रामगढि़या एजुकेशनल कौंसिल के प्रधान रंजोध सिंह ने मेहमानों का स्वागत किया। कॉलेज की पूर्व प्रिंसिपल हरमीत कौर और डॉ. नरिंदर कौर संधू भी इस दौरान मौजूद रहे। कॉलेज की म्यूजिक वोकल विभाग की छात्राओं ने शबद के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। प्रो. ग्रोवर ने कहा कि पढ़ाई का विद्यार्थी जीवन में काफी महत्व है। पढ़ा लिखा विद्यार्थी ही राष्ट्र की उन्नति में बेहतरीन योगदान दे सकता है। मुख्य मेहमान ने 320 छात्राओं को डिग्री, 27 विद्यार्थियों को रोल ऑफ आनर की डिग्रियां दी गई। सभी विद्यार्थियों ने एकेडमिक, स्पोर्ट्स व अन्य गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन किया है। एमए म्यूजिक वोकल की तीन और आर्ट्स की एक छात्रा को 2017 परीक्षाओं में यूनिवर्सिटी पोजीशन पाने के लिए सम्मानित किया गया। इंटरवर्सिटी और नेश्नल लेवल चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाली 13 छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा कली गायन, कवीश्वरी, कविता गायन में हिस्सा लेने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
इसके अलावा दौ सौ छात्राओं को सर्टिफिकेट भी दिए गए।
डॉ. सतीश शर्मा ने भी पुरस्कार पाने वाले सभी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। गुरचरण सिंह लौटे, अशोक टंडन, प्रिंसिपल रामगढि़या सीनियर सेकेंडरी स्कूल लड़के भी मौजूद रहे।