मरीज को किया रेफर, एंबुलेंस नहीं मिली, ड़ेढ़ घंटा तड़पता रहा, मौत
सिविल अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीज को रेफर करने के बाद एबुलेंस का इंतजाम नहीं हो पाया।
जासं, खन्ना : सिविल अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीज को रेफर करने के बाद एबुलेंस का इंतजाम नहीं हो पाया। वह डेढ़ घंटे तक अस्पताल में ही तड़पता रहा और उसकी मौत हो गई। इस के बाद मृतक के परिजनों ने सिविल अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इस पर मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी।
जानकारी के अनुसार गांव बीजा निवासी 55 साल का मरीज तेज बुखार के चलते इलाज के लिए खन्ना सिविल अस्पताल में पत्नी, बेटे और दामाद के साथ आया था। डॉक्टरों को स्वाइन फ्लू का शक हुआ तो उसे पटियाला के लिए रेफर कर दिया। जब उन्होंने एंबुलेंस 108 को पटियाला जाने के लिए फोन किया तो उनके अनुसार एंबुलेंस 108 के कस्टमर केयर नंबर से उन्हें एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई। जब तक उन्होंने एक प्राइवेट एंबुलेंस का इंतजाम किया तो हालत ज्यादा खराब होने के चलते मरीज की मौत हो गई। परिवार वालों ने सिविल अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर सिविल अस्पताल के कार्यकारी एसएमओ डॉ. म¨नदर भसीन और थाना सिटी 2 के एसएचओ गगनदीप सिंह पहुंचे और मामले को शांत करवाया। मरीज को डॉक्टर ने समय पर दिया था रेफर: डॉ. भसीन
डॉ. भसीन ने कहा कि मरीज की हालत बहुत गंभीर थी। उसकी सांस भी फूल रही थी। उसे उन्होंने समय रहते प्राथमिक उपचार देकर रेफर कर दिया। मरीज में संदिग्ध स्वाइन फ्लू के लक्षण भी दिखाई दे रहे थे। इसके चलते डॉक्टर ने मरीज को रेफर करते हुए तुंरत एंबुलेंस 108 के लिए फोन किया। पर एंबुलेंस उपलब्ध न होने पर उन्होंने मरीज के परिजनों को प्राइवेट एंबुलेंस करने के लिए कहा। इसके बाद मरीज की मौत हो गई।