सुखबीर बादल बोले, राजोआना की फांसी माफी के लिए पीएम मोदी व शाह से मिलेगा शिअद
सुखबीर ने राजोआना की बहन कमलजीत कौर से बात करते हुए कहा कि 11 जनवरी को जेल में बंद बलवंत सिंह राजोआना भूख हड़ताल पर न बैठें।
लुधियाना, जेएनएन। बलवंत सिंह राजोआना की फांसी की सजा माफ करवाने के लिए शिरोमणि अकाली दल (शिअद) जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करेगा। शिअद की तरफ से मांग की जाएगी कि जल्द ही इस फैसले पर अमल किया जाए। यह आश्वासन शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने राजोआना की बहन कमलजीत कौर को फ्लावर एन्क्लेव स्थित उनके घर पहुंचकर दिया। सुखबीर बादल ने काफी देर तक राजोआना की बहन के साथ बातचीत की। उनके साथ विधायक शरणजीत सिंह ढिल्लों, सीनियर अकाली नेता दलजीत सिंह चीमा, हीरा सिंह गाबडिय़ा समेत अन्य नेता उपस्थित रहे।
भूख हड़ताल पर न बैठें राजोआना
सुखबीर ने राजोआना की बहन कमलजीत कौर से बात करते हुए कहा कि 11 जनवरी को जेल में बंद बलवंत सिंह राजोआना भूख हड़ताल पर न बैठें। उन्होंने कहा कि राजोआना की सजा माफी के लिए शिअद की तरफ से हर प्रकार के प्रयास किए जा रहे हैं। आगे भी केंद्र सरकार समेत अदालत स्तर पर भी अपील कर प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सांसद रवनीत सिंह बिट्टू सिर्फ गांधी परिवार को खुश करने के लिए राजोआना को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं, लेकिन इसके बदले गांधी परिवार ने सांसद बिट्टू को कोई फायदा नहीं देना। सुखबीर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बेअंत सिंह के दूसरे पोते विधायक गुरकिरत सिंह कोटली खुद राजोआना की फांसी की सजा माफ करने को लेकर बात कर रहे हैं।
सांसद बिट्टू ने की सुखबीर की निंदा
बलवंत सिंह राजोआणा की फांसी की सजा माफ करवाने को लेकर बातचीत करने पर सांसद रवनीत यिंह बिट्टू ने सुखबीर बादल की निंदा की है। बिट्टू ने कहा कि सुखबीर, राजोआणा की फांसी की सजा माफ करने को लेकर खालीस्तान का समर्थन कर रहे हैं। इसकी वह कड़ी आलोचना करते हैं। उन्होंने कहा कि इससे शिअद का असली चेहरा लोगों के सामने आ गया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें