विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 24, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

लुधियाना में मोटरसाइकिल काट बनाए रेहड़े पर लगा दी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, जानें पूरा मामला

By Vipin KumarEdited By:
Published: Sun, 24 Oct 2021 11:40 AM (IST)

पंजाब सरकार ने हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने के लिए एग्रो इंपेक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के साथ कांट्रैक्ट किया है। कंपनी ने शहर में अलग अलग जगहों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने के लिए सेंटर स्थापित किए हैं।

लुधियाना में अवैध वाहनों पर भी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लग रही है।
लुधियाना में अवैध वाहनों पर भी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लग रही है।

राजेश भट्ट, लुधियाना। अगर आपको अपने वाहन पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगानी है तो इसके लिए आपके पास वाहन की आरसी, इंश्योरेंस, प्रदूषण सर्टिफिकेट समेत तमाम दस्तावेज होने चाहिए।वाहन को हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट स्टेशन पर ले जाना होगा और तमाम दस्तावेजों की जांच के बाद ही आपके वाहन पर हाई नंबर सिक्योरिटी प्लेट लगेगी। यही नहीं इसके लिए आपको कई घंटे वहां इंतजार भी करना पड़ेगा।

इसके विपरीत अगर आपकी सेटिंग है तो बिना इंश्योरेंस व प्रदूषण सर्टिफिकेट के भी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लग जाएगी। इतना ही नहीं कंपनी के कर्मचारी तो अवैध वाहनों पर भी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगा रहे हैं।यह मामला तब सामने आया जब मोटरसाइकिल को काटकर बनाया गया रेहड़ा आगे व पीछे हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाकर शहर की सड़कों पर दौड़ता हुआ दिखा।

पंजाब सरकार ने हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने के लिए एग्रो इंपेक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के साथ कांट्रैक्ट किया है। कंपनी ने शहर में अलग अलग जगहों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने के लिए सेंटर स्थापित किए हैं। कंपनी उन्हीं वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाती है जिनके दस्तावेज पूरे होते हैं। इसके अलावा अवैध तरीके से माडिफाई किए गए वाहनों पर भी सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगाई जाती। लेकिन कंपनी के कर्मचारी मोटरसाइकिल काटकर बनाए गए रेहड़ों पर भी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगा रहे हैं।

कंपनी के कर्मचारियों ने मोटरसाइकिल को काटकर बनाए गए रेहड़े पर पीबी-10डीक्यू 3744 नंबर की हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाई है। यह नंबर प्लेट आगे व पीछे दोनों तरफ लगाई है जबकि आरटीए के रिकार्ड में यह नंबर मोटरसाइकिल का है जोकि टू-व्हीलर है। अब सवाल यह उठता है कि जब आरसी में टू-व्हीलर लिखा गया है तो कंपनी कर्मियों ने तीन टायर वाले रेहड़े पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट कैसे लगा दी।

अवैध रेहड़े पर हाई सिक्योरिटी नंबर नहीं लगाई जा सकती है। इस संबंध में संबंधित सेंटर से पूछा जाएगा और इस मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। -अर्जुन राणा, स्टेट इंचार्ज हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट पंजाब

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।