लुधियाना में पुलिसकर्मी की गुंडागर्दी, एके-47 से किए ताबड़तोड़ चार फायर; दोस्त का विवाद सुलझाने पहुंचा था कॉन्स्टेबल
लुधियाना की गगनदीप कॉलोनी में नशे में धुत एक पुलिस कांस्टेबल ने अपनी सर्विस एके-47 से चार हवाई फायर किए। ...और पढ़ें
-1793546623883_m.webp)
लुधियाना में पुलिसकर्मी ने एके-47 से किए ताबड़तोड़ चार फायर। फोटो जागरण
HighLights
नशे में धुत कांस्टेबल ने एके-47 से चार हवाई फायर किए।
विवाद सुलझाने पहुंचे कांस्टेबल और साथी को लोगों ने पीटा।
पुलिस ने केस दर्ज कर विभागीय कार्रवाई शुरू की है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। काकोवाल रोड स्थित गगनदीप कालोनी में रविवार तड़के नशे में धुत एक पुलिस कांस्टेबल ने अपनी सर्विस एके-47 से चार हवाई फायर कर दिए। कांस्टेबल अपने दोस्त के साथ एक व्यक्ति से विवाद सुलझाने पहुंचा था, लेकिन कहासुनी के बाद उसने हथियार निकालकर गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी।
शोर सुनकर मौके पर जुटे लोगों ने कांस्टेबल और उसके साथी को घेरकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपित कांस्टेबल लवप्रीत सिंह और उसके साथी वरुण कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कांस्टेबल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित राज कुमार गुप्ता जागरण कार्यक्रमों में काम करते हैं। शनिवार रात दो कार्यक्रम पूरे करने के बाद रविवार तड़के वह गगनदीप कालोनी की गली नंबर आठ स्थित अपने घर जा रहे थे। गली में मुड़ते समय पीछे से आई एक कार उनके वाहन के सामने रुक गई।
गाड़ी से निकाली एके-47 और चला दी
कार से कांस्टेबल लवप्रीत सिंह और उसका दोस्त वरुण कुमार उतरे और राज कुमार को गालियां देने लगे। इसके बाद दोनों ने उन्हें कार से बाहर निकालकर पीटना शुरू कर दिया। राज कुमार के मुताबिक, कांस्टेबल कह रहा था कि उसका वरुण के साथ कोई विवाद है, जबकि उनका वरुण से कोई लेना-देना नहीं था।
इसी दौरान लवप्रीत ने अपनी गाड़ी से एके-47 निकाली और चार गोलियां हवा में चला दीं। इसके बावजूद दोनों ने राज कुमार के साथ मारपीट जारी रखी। फायरिंग की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों आरोपितों को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उनकी पिटाई की और पुलिस को सूचना दी। लोगों ने एके-47 को गाड़ी के अंदर रख दिया, ताकि आरोपित दोबारा उसका इस्तेमाल न कर सकें।
पर्स से मिली नशे की पन्नी
राज कुमार ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपित चिट्टे के नशे में थे। उनके मुताबिक, कांस्टेबल की जेब से नशा करने वाली पन्नी मिली, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया। आरोपितों की गाड़ी की तलाशी के दौरान पैरों के पास एके-47 की दो मैगजीन भी मिलीं।
नशे में इतने धुत कि जवाब तक नहीं दे पाए
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, जब दोनों से फायरिंग का कारण पूछा गया तो वे ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। लोगों ने उन्हें काबू में रखकर पुलिस के हवाले कर दिया।
कांस्टेबल लवप्रीत सिंह ने अपने सर्विस हथियार से हवाई फायर किए थे। उसके और उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कांस्टेबल के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच होगी। आरोपित कांस्टेबल एक व्यक्ति के साथ गनमैन के रूप में तैनात है।
- संदीप वढ़ेरा, एडीसीपी आपरेशन्स।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।