VAT notices : सरकार के खिलाफ बिगुल फूंकेंगे व्यापारी, लुधियाना के 25 संगठन अमृतसर में करेंगे रणनीति तैयार
पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के सचिव सुनील मेहरा ने कहा कि सरकार की ओर से 70 हजार से अधिक व्यापारियों को पंजाब में नोटिस थमाए गए हैं। जोकि व्यापार वर्ग के साथ सरेआम धक्केशाही है। इसे सहन नहीं किया जाएगा।
लुधियाना, जेएनएन। पंजाब के सत्तर हजार व्यापारियों को वैट नोटिस थमाने मामले में व्यापारियों को आश्वासन के बावजूद ओटीएस की घोषणा न किए जाने को लेकर व्यापारी पंजाब सरकार के खिलाफ लामबंद होने शुरु हो गए हैं। इसको लेकर व्यापारियों की बैठकों का दौर जारी है और विभिन्न बाजारों में जाकर व्यापारियों को लामबंद किया जा रहा है।
इसकी अगुअाई कर रहे पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल की ओर से 13 दिसंबर को अमृतसर में व्यापारियों के होने वाले राज्य स्तरीय अधिवेशन के लिए सबको आमंत्रित भी किया जा रहा है। पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के सचिव सुनील मेहरा ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से 70 हजार से अधिक व्यापारियों को पंजाब में नोटिस थमाए गए हैं। जोकि व्यापार वर्ग के साथ सरेआम धक्केशाही है।
इसके साथ ही व्यापारियों के बिना वजह से परेशान किया जा रहा है। इस दौरान कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में लुधियाना से 25 से अधिक बाजारों के प्रतिनिधि भाग लेने के लिए जाएंगे। इस दौरान फैसला किया जाएगा कि किस तरह पंजाब सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी किया जाएगा। अगर वैट नोटिस वापिस न लिए गए, तो विधायकों, सांसद के घरों का घेराव किया जाएगा।
इसके साथ ही पंजाब भर के व्यापारी एकत्रित होकर चंडीगढ़ में सीएम के घर का घेराव तक करेंगे। बैठक में पंजाब व्यापार के विभिन्न मुद्दों पर सिटी वाइज चर्चा कर इसकी एक पूर्ण डिटेल बनाकर सरकार के समक्ष भी पेश की जाएगी।
लुधियाना में अगले सप्ताह तक ओटीएस लागू नहीं होने पर आयकर विभाग का घेराव करेगा व्यापार मंडल