लुधियाना में सवारियों से लूटपाट करने वाले Auto Gang के तीन सदस्य गिरफ्तार
शहर में ऑटो गैंग पकड़ा गया है। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार की टीम ने बुधवार शाम गुप्त सूचना के आधार पर शेरपुर स्थित पानी की टंकी के पास दबिश देकर तीनों बदमाशों को गिरफ्तार किया। उस समय तीनों अपने शिकार की तलाश में निकले थे।
लुधियाना, जेएनएन। पुलिस की सीआइए-2 टीम ने सवारियों के साथ लूटपाट करने वाले ऑटो गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से विभिन्न जगहों से लूटे गए 10 मोबाइल फोन और ऑटो रिक्शा बरामद हुआ। आरोपितों के खिलाफ थाना मोती नगर में केस दर्ज करके वीरवार अदालत में पेश किया गया। जहां से 2 दिन का रिमांड हासिल करके कड़ी पूछताछ की जा रही है।
एसीपी क्राइम सुरेंद्र मोहन ने बताया के आरोपितों की पहचान गांव लोहारा निवासी दिलबाग सिंह, शेरपुर कला निवासी दीपक सिंह तथा बाबा गजा जैन कॉलोनी निवासी राजन कुमार के रूप में हुई। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार की टीम ने बुधवार शाम गुप्त सूचना के आधार पर शेरपुर स्थित पानी की टंकी के पास दबिश देकर तीनों बदमाशों को गिरफ्तार किया। उस समय तीनों अपने शिकार की तलाश में निकले थे। एसीपी ने बताया कि दिलबाग सिंह फतेहगढ़ के साहब के गांव चुन्नी का मूल निवासी है। 50 साल वर्षीय आरोपित ऑटो चलाने का काम करता है उसके उसके खिलाफ थाना साहनेवाल में एक केस दर्ज है। दीपक सिंह करीब 23 साल का है। वह हरियाणा के पानीपत स्थित गांव सरहद मढ़वाल का रहने वाला है। आराेपित के खिलाफ भी थाना साहनेवाल में लूटपाट का एक केस दर्ज है।
23 वर्षीय राजन कुमार बिहार के पटना स्थित मोहल्ला मारू गंज कॉलोनी का मूल निवासी है। यह भी ऑटो चलाने का काम करता है। दिलबाग और दीपक 2019 में जमानत पर जेल से छूट कर आए हैं। आरोपितों ने मोती नगर, डाबा और शिमलापुरी इलाकों में लूटपाट की असंख्य वारदातें की हैं। पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे होने की संभावना है। इनके अन्य साथियों का भी पता लगा उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।