जेल में 210 बंदियों ने परिवारों से की वीडियो कान्फ्रेंसिग काल
हर साल करवाचौथ पर सेंट्रल जेल व महिला जेल में बंद महिला व पुरुष बंदियों के लिए विशेष प्रबंध किए जाते हैं।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : हर साल करवाचौथ पर सेंट्रल जेल व महिला जेल में बंद महिला व पुरुष बंदियों के लिए विशेष प्रबंध किए जाते हैं। मगर इस बार जेल में बंद कैदियों की उनके रिश्तेदारों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिग काल करके बात कराई गई। बुधवार को 210 बंदियों ने अपने स्वजनों से बात की। इसके अलावा जेल में 40 बंदियों ने करवाचौथ का व्रत भी रखा। प्रबंधन ने जेल की कैंटीन से उनके लिए खाने-पीने का सामान उपलब्ध कराया। जेल सुपरिटेंडेंट राजीव अरोड़ा ने बताया कि चंडीगढ़ हेडक्वार्टर से मिले निर्देश के बाद करवाचौथ पर बंदियों को वीडियो काल के जरिए अपनी पत्नियों का व्रत खुलवाने की छूट दी गई। बुधवार सुबह 7 बजे से ही काल करने की व्यवस्था कर दी गई थी। दोपहर एक बजे तक 77 बंदियों ने और दोपहर 3 बजे से 6 बजे तक बाकी 133 बंदियों ने काल की। बुधवार रात खाने में बंदियों के लिए स्पेशल तौर पर उड़द की दाल तैयार की गई।