UPSC Result 2019: लुधियाना के राघव को मिला 127वां रैंक, Smart Study को बताया सफलता का राज
सिविल लाइंस स्थित ग्रीन पार्क के राघव जैन पहले दो प्रयास में नाकाम रहे पर उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी। तीसरी कोशिश में उन्होंने अपना सपना पूरा कर दिखाया।
लुधियाना, जेएनएन। जिले के होनहार राघव जैन ने कमाल कर दिखाया है। सिविल लाइंस स्थित ग्रीन पार्क में रहने वाले 27 वर्षीय राघव ने सिविल सेवा परीक्षा में आॅल इंडिया 127वां रैंक हासिल करके शहर का नाम रोशन किया है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने मंगलवार को ही सिविल सेवा परीक्षा का परिणाम घोषित किया है। राघव ने स्मार्ट स्ट़डी को अपनी कामयाबी का राज बताया है। उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा देने वाले सभी विद्यार्थियों से कहा कि वे हमेशा स्मार्ट स्टडी करें। इसके लिए जरूरी आत्मविश्वास बनाए रखना जरूरी है। अभ्यर्थी एक अच्छी प्लानिंग के साथ पढ़ाई पर फोकस करते हुए तैयारी करें।
तीसरे प्रयास में पाई कामयाबी
राघव ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2016 से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी थी। वर्ष 2017 में पहली बार परीक्षा दी पर क्लीयर नहीं हुई। वर्ष 2018 में दोबारा परीक्षा में बैठे पर इस बार भी सफलता नहीं मिली। उन्होंने बताया कि दो बार नाकामी के बाद वह कुछ मायूस हो गए थे पर उम्मीद नहीं छोड़ी थी। उन्होंने आत्मविश्वास और धैर्य बनाए रखा। इसी के बल पर तीसरी बार दोबारा परीक्षा दी और आॅल इंडिया 127वां रैंक पाया। उन्होंने इस परीक्षा के लिए पहले सिलेबस पर फोकस किया और फिर वर्तमान परिस्थितियों पर।
राघव ने प्रीलिम्स की परीक्षा पिछले साल जून में दी थी। उसके बाद पिछले साल सितंबर में लिखित परीक्षा दी। इस साल तीस जुलाई को उनका इंटरव्यू हुआ था। अंतिम परिणाम मंगलवार को जारी किया गया। राघव ने बताया कि इस साल परीक्षा क्लीयर करने की पूरी उम्मीद थी क्योंकि लिखित परीक्षा में ही पूरा विश्वास हो गया था कि सफलता मिलेगी।
हर बार सीखने का मिला अनुभव
राघव ने बताया कि उनका परिवार बिजनेस में है। पहले वह बिजनेस में ही जाना चाहते थे। फिर लगा कि उन्हें खुद कुछ करना चारिए। इसीलिए उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी। उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए लुधियाना के विभिन्न इंस्टीट्यूट से कोचिंग भी ली।