Ludhiana Coronavirus: गुरपाल नगर की 28 वर्षीय महिला सहित 7 केस मिले
Live Ludhiana Coronavirus News Update नए संक्रमितों में गुरपाल नगर की महिला के अलावा सारे आरपीएफ जवान हैं जो कि अलग-अलग जिलों से हैं।
लुधियाना, जेएनएन। शुक्रवार को जिले में कोरोना वायरस के 7 नए मामले सामने आए। इनमें एक गुरपाल नगर की रहने वाली 28 वर्षीय महिला है, बाकी सारे आरपीएफ जवान हैं, जो कि अलग-अलग जिलों से हैं। आरपीएफ जवानों में तीन हरियाणा, एक हिमाचल प्रदेश और एक जम्मू-कश्मीर से है।
लुधियाना में कोरोना वायरस को मात देने वाले लोगों की लगातार बढ़ रही है। जिले में अब तक 179 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं। डीसी प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की गिनती लगातार बढ़ रही है। सेहत विभाग द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयासों के कारण यह गिनती 131 हो गई है।
प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि अब तक 5469 सैंपल लिए गए हैं। इसमें से 5074 की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है और 395 के नमूनों की रिपोर्ट का इंतजार है। अब तक 4817 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। जबकि 12 की मौत हुई है, जिसमें से जिले सात लुधियाना से थे। अब तक 5753 लोगों को घरों में क्वारंटाइन किया गया है।
वीरवार को आए दो मामले
लुधियाना में वीरवार को कोरोना वायरस के दो मामले आए। इसमें लुधियाना में नियुक्त 50 वर्षीय रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) के जवान सहित खन्ना के गांव गोह की एक महिला शामिल हैं। मूलरूप से यह जवान कांगड़ा की नूरपुर तहसील का रहने वाला है। वह लुधियाना रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी तैनात है। उसे सिविल अस्पताल लुधियाना के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया गया है। सेहत विभाग ने एक ही केस को जिले में जोड़ा है। अब लुधियाना में कोरोना पॉजीटिव मरीजों की संख्या 178 हो गई है। उधर, खन्ना के निकटवर्ती गांव गोह की एक 62 वर्षीया महिला भी कोरोना पॉजिटिव आई हैं। यह महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआइ चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया है। वह पांच मई से बीमार थी। खतरे की बात यह है कि इस दौरान वह कुछ स्थानों पर भोग और विवाह समारोहों में भी गई थी। इस बारे में एसएमओ मानुपुर डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि गांव गोह की यह महिला पांच मई से कुछ बीमार थी। उसने गांव के ही किसी डॉक्टर से दवा ली थी। फिर 12 मई को खन्ना के एक डॉक्टर से दवा लेने गई, तो डॉक्टर द्वारा करवाए टेस्ट में छाती में इंफेक्शन मिला। इस डॉक्टर की सलाह के बाद उसने मोहाली में टेस्ट करवाए, तो वह कोरोना पॉजिटिव निकली।
परिवार के चार सदस्यों के लिए सैंपल
एसएमओ डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि उक्त महिला के परिवार के चार सदस्यों के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा गया है। महिला के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उन्हें क्वारंटाइन किया जा रहा है। गांव बेर खुर्द, रसूलड़ा और गोह के कई परिवारों को क्वारंटाइन किया गया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें