1984 के दंगा पीड़ितों ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से की मुलाकात
एडवोकेट बिक्रम सिंह सिद्धू सदस्य कार्यकारणी कमेटी भारतीय जनता पार्टी पंजाब के नेतृत्व में
जागरण संवाददाता, लुधियाना :
वर्ष 1984 सिख दंगा पीड़ित कल्याण सोसायटी के अध्यक्ष सुरजीत सिंह व महिला विग की अध्यक्ष गुरदीप कौर के साथ बड़ी संख्या में सिख दंगा पीड़ितों का एक प्रतिनिधिमंडल पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा को चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय में मिला। एडवोकेट बिक्रम सिंह सिद्धू सदस्य कार्यकारणी कमेटी भारतीय जनता पार्टी पंजाब के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने अश्वनी शर्मा को लुधियाना में प्रशासन और सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार की ओर से होने वाली कठिनाइयों से अवगत कराया।
दंगा पीड़ित वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष सुरजीत सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के संज्ञान में लाया कि केंद्र सरकार और पंजाब सरकार द्वारा जारी दंगा पीड़ितों के कल्याण कार्ड स्थानीय मंत्रियों व विधायकों के इशारे पर प्रशासन द्वारा रद किए जा रहे हैं। सरकार से मिलने वाली मदद पर भी रोक लगाई जा रही है। इससे दंगा पीड़ितों के परिवारों में भय और दहशत का माहौल पैदा हो गया है।
सुरजीत सिंह ने कहा कि वह इस संबंध में कई बार सरकार से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सुरजीत सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासन में सरकार ने सिख दंगा पीड़ितों के लिए कोई अच्छा काम नहीं किया, बल्कि वो जानबूझकर गरीबों को परेशान कर रही है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने दंगा पीड़ित समाज के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने के बाद 1984 के दंगा पीड़ितों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। दंगा पीड़ितों के हर परिवार को हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी।
इन तमाम दिक्कतों से केंद्र सरकार को अवगत कराया जाएगा। दंगा पीड़ित वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष सुरजीत सिंह और गुरदीप कौर व समस्त सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 1984 के दंगों के अपराधियों को सजा देने और उन्हें सलाखों के पीछे डालने के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के महासचिव जीवन गुप्ता, महासचिव राजेश बाघा, महासचिव दयाल सिंह सोढ़ी और एडवोकेट बिक्रम सिंह सिद्धू विशेष रूप से उपस्थित थे।