गांव जांगपुर के दो नौजवानों के खिलाफ कत्ल का केस
पुलिस ने गांव जांगपुर के दो युवकों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
संस, मुल्लांपुर दाखा : थाना दाखा की पुलिस को गांव जांगपुर से 22 जून को नाले में से नौजवान की लाश मिली थी। पुलिस ने उस समय 174 की कार्रवाई करने के बाद लाश को पहचान के लिए 72 घंटे के लिए धार्मिक स्थान बाबा नत्थू जी में लगी फ्रिज में रखवा दिया गया। पहचान न होने पर पुलिस ने लाश को लावारिस एलान कर समाज सेवी संस्था के सहयोग से उसका मुल्लांपुर के श्मशानघाट में संस्कार करवा दिया था। इस नौजवान का अंगीठा संभाल कर अस्थियां भी कटाना साहिब के गुरुद्वारा साहिब में जल परवाह कर दी गईं।
दूसरे दिन इस अज्ञात नौजवान के वारिस सामने आ गए जिन्होंने पुलिस को बताया कि गांव जांगपुर में से मिली लाश उनके 20 जून से लापता नौजवान सुखविंदर सिंह उर्फ जैरी की थी। मृतक के भाई हरजिदर सिंह ने आरोप लगाया कि उसके भाई का कत्ल करके लाश को फेंका हुआ था। सूत्रों की मानें तो सुखविंदर ने अपने दो और दोस्तों के साथ बैठकर शराब भी पी थी और किसी बात को लेकर उनका आपसी तकरार हो गई थी तो उसके दोस्तों ने सुखविदर का कत्ल करके लाश नाले में फेंक दी। पुलिस ने अब मृतक के भाई हरजिंदर सिंह के बयानों पर इस मामले में गांव के ही दो नौजवानों को नामजद करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। दोनों आरोपित युवक कई दिनों से घर से फरार हैं। डीएसपी से मिला प्रतिनिधिमंडल
कुल हिद खेत मजदूर यूनियन नेता केवल सिंह, लखवीर सिंह और पंच जसविदर सिंह मृतक नौजवान सुखविदर सिंह की माता जगरूप कौर को साथ लेकर डीएसपी दाखा गुरबंस सिंह बैंस को कातिलों की गिरफ्तारी को लेकर मिले। डीएसपी ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिया कि 174 की कार्रवाई वाले केस को कत्ल के मुकदमे में तबदील कर दिया गया है और कातिल जल्दी ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। मुख्य मुंशी को जानकारी नहीं, थाना प्रभारी बोले- केस दर्ज
जब इस दर्ज मामले के बारे थाना दाखा मुख्य मुंशी बलराज सिंह को थाने जाकर पूछा तो उसने कहा कि थाने में ऐसा कोई केस दर्ज नहीं हुआ। वहीं थाना प्रभारी जगदीश कुमार शर्मा ने माना कि दो नौजवानों के खिलाफ कत्ल का केस दर्ज किया गया है। इससे साफ है कि मुंशी का अपने अफसरों के साथ तालमेल कम होने के कारण जानकारी लेने वालों को काफी परेशान होना पड़ता है। यह मुंशी तो थाने का सरकारी फोन भी उठाना मुनासिब नहीं समझता।