पानी न मिलने से गुस्साए लोगों का सब्र टूटा, नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन Ludhiana News
पानी की किल्लत झेल रहे लोगों का सब्र अब टूटने लगा है। ग्यासपुरा इलाके में कई दिनों से पीने का पानी सप्लाई नहीं पहुंच रही है।
जेएनएन, लुधियाना। पानी की किल्लत झेल रहे लोगों का सब्र अब टूटने लगा है। ग्यासपुरा के शांति नगर, सुरजीत कॉलोनी, हरगोबिंद नगर इलाके में दस दिन से पीने का पानी सप्लाई नहीं पहुंच रही है। पानी न मिलने से परेशान लोगों ने वीरवार को नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि वे काफी दिनों से पीने के पानी की किल्लत झेल रहे हैं। नगर निगम के अधिकारियों को कई बार समस्या के बारे में बताया गया है, लेकिन उनकी समस्या का हल नहीं निकाला गया है।इलाके में कई दिनों से सीवरेज जाम होने के कारण पीने वाले पानी के साथ मिक्सिंग हो रही है, जिसकी वजह से मोटर बंद की गई है।
लोगों का कहना है कि एक तरफ भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं ऐसे मौसम में उन्हें पानी की किल्लत से दो-चार होना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने नगर निगम को चेतावनी दी है कि अगर पानी की समस्या का अगर स्थायी हल नहीं निकाला गया तो आने वाले समय में संघर्ष और तेज किया गया है।