सत्संग में यज्ञ की महिमा से करवाया अवगत
वेद प्रचार मंडल द्वारा ओमेक्स रॉयल सोसायटी में वैदिक सत्संग करवाया गया।
संस, लुधियाना : यज्ञ की महिमा से लोगों को अवगत करवाने के लिए चलाए गए अभियान के तहत वेद प्रचार मंडल द्वारा ओमेक्स रॉयल सोसायटी में सतीश औल के संयोजकत्व में वैदिक सत्संग का आयोजन किया गया। सत्संग समारोह यज्ञ से आरंभ हुआ। इस दौरान मण्डल के प्रांतीय महासचिव रोशन लाल आर्य ने यज्ञ संपन्न कराया।
यज्ञ की अग्नि राजेश गुप्ता एवं अंजलि गुप्ता ने प्रज्ज्वलित की। इसके बाद केके मल्होत्रा तथा विपिन शर्मा, मनोरमा शर्मा ने भजनों से उपस्थित सभी भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रोशन लाल आर्य ने कहा कि ईश्वर हम सब प्राणियों को हर पल सब कुछ दे रहा है। इतना ही नही वह चौबीस घंटे केवल हमारे लिए ही कार्य कर रहा है। उसने यह सारा ब्रह्मांड हम जीवों के लिए ही तो बनाया है। सब अन्न, भोजन, वस्त्र, प्रकाश ताप, वायु आदि सभी कुछ और जहां तक कि हमारी श्वांस भी तो वही दे रहा है। बदले में हमारा यह कर्तव्य बनता है कि हम ईश्वर की स्तुति, प्रार्थना उपासना से धन्यवाद करें। जब हम धन्यवाद करेंगे तो ईश्वर भी हमारा स्वागत करेगा। साहस, सहनशीलता, उत्साह आदि गुण प्रदान करके आत्मा को निर्भय, परिष्कृत और उन्नत करना ही प्रभु द्वारा स्वागत करना कहलाता है। इस अवसर पर केवल सिंह ठाकुर, श्वेता ठाकुर, प्रवीण मल्होत्रा ने श्रद्धापूर्वक यज्ञ में आहुतियां प्रदान की। इस अवसर पर शशि औल, राजेन्द्र बेरी, विवेक भसीन, संजय जैन, रीना जैन, सुमन अग्रवाल, प्रेम अरोड़ा, डॉ. एन के गर्ग, हरप्रीत सिंह, रचना गुप्ता, गुलशन रॉय, वेद प्रकाश महाजन, राकेश कुमार एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप