मौत की पार्किंग! 3 सालों में 19 लोगों ने रॉन्ग पार्किंग की वजह से गंवाई जान; सुधरने की बजाए बदतर हुए हालात
लुधियाना में पिछले तीन सालों में गलत पार्किंग के कारण हुए 46 हादसों में 19 लोगों की जान चली गई और 39 घायल हुए हैं। प्रशासन की ओर से नियमित जांच और प्रभावी कार्रवाई की कमी के चलते यह समस्या बनी हुई है।
-1795445798212_m.webp)
लुधियाना में गलत पार्किंग बनी मौत का कारण, तीन साल में 19 लोगों की जान गई।
HighLights
तीन साल में गलत पार्किंग से 19 मौतें, 39 घायल
प्रशासन की लापरवाही, नियमित चेकिंग और कार्रवाई का अभाव
मोटर व्हीकल एक्ट 122 का उल्लंघन, चालान तक सीमित कार्रवाई
गगनदीप रत्न, लुधियाना। महानगर में सड़कों और नेशनल हाईवे के किनारे खड़े भारी वाहन मौत का कारण बन रहे हैं। पिछले तीन साल में गलत पार्किंग के कारण हुए करीब 46 हादसों में 19 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 39 लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने केवल हादसे में होनी वाली मौत के मामले में ही एफआईआर दर्ज की। रात होते ही हाईवे से लेकर शहर की अंदरूनी सड़कों तक ट्रक और ट्राले खड़े दिखाई देते हैं। न नियमित चेकिंग होती है और न ही नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी कार्रवाई। हैरानी की बात है कि पिछले दो साल में गलत पार्किंग के मामले में वाहन चालकों के खिलाफ केवल तीन एफआईआर दर्ज हुईं।
मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 122 के तहत सार्वजनिक स्थान पर ऐसा वाहन खड़ा करना प्रतिबंधित है, जिससे दूसरे वाहन चालकों को खतरा या यातायात में बाधा पैदा हो। इसके बावजूद कार्रवाई चालान तक सीमित रहने के आरोप हैं। वाहन टो करवाने और कानूनी कार्रवाई के प्रावधान भी प्रभावी ढंग से लागू नहीं हो रहे।
हादसों के बाद ही सक्रिय होता है प्रशासन
पिछले दो साल में हाईवे पर खड़े वाहनों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस और ट्रांसपोर्ट विभाग की नियमित जांच दिखाई नहीं दी। किसी बड़े हादसे के बाद कुछ दिन नाइट डोमिनेशन और चेकिंग अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन फिर स्थिति पहले जैसी हो जाती है।
दिल्ली रोड पर जालंधर बाईपास से ट्रांसपोर्ट नगर तक सड़क के दोनों ओर भारी वाहन खड़े रहते हैं। कई चालक माल उठाने का समय होने का इंतजार करते हुए सड़क किनारे वाहन खड़ा कर देते हैं। पार्किंग लाइट और सुरक्षा कोन तक का इंतजाम नहीं होता। जालंधर बाइपास पर फ्लाईओवर से उतरते समय तेज रफ्तार वाहनों के बीच एक टिप्पर बिना रिफ्लेक्टर और पार्किंग लाइट के खड़ा मिला।
चालक ने बताया कि वह तीन साल से इसी तरह वाहन खड़ा कर रहा है और पुलिस ने कभी उससे पूछताछ नहीं की। फिरोजपुर रोड पर भी शाम होते ही ट्रक और ट्राले नो एंट्री की परवाह किए बिना सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं। कई बार चालक वाहन छोड़कर चले जाते हैं। ऐसे में हादसे की आशंका और बढ़ जाती है।
हाल के हादसों ने फिर उठाए सवाल
- 22 नवंबर 2026 को ट्रांसपोर्ट नगर पुल के पास खड़े ओवरलोड ट्राले से कार टकराई। हादसे में बच्ची समेत पांच लोग घायल हुए।
- 17 नवंबर 2026 को माछीवाड़ा के पवात पुल पर माता नयना देवी से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप सड़क किनारे खड़े टिप्पर से टकरा गई। तीन लोगों की मौत हुई और 25 लोग घायल हुए।
- 18 जून 2026 को साहनेवाल में दिल्ली-लुधियाना हाईवे पर खड़े वाहन से देहरादून जा रही कार टकराई। चालक की मौत हुई और उसका 18 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ।
- 20 नवंबर 2025 को दहेड़ू पुल पर खराब खड़े ट्रक के पीछे इनोवा जा घुसी। चार लोग घायल हुए और चालक करीब दो घंटे गाड़ी में फंसा रहा।
- 3 जून 2025 को लुधियाना-मलेरकोटला रोड पर खड़े ट्रक से कार टकराने पर तीन लोगों की मौत और तीन घायल हुए।
- 3 सितंबर 2024 को लुधियाना-जालंधर हाईवे पर पंक्चर बस का टायर बदलते समय पीछे से आए ट्रक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत और 14 लोग घायल हुए।
- 6 अगस्त 2024 को लाडोवाल टोल प्लाजा के पास टायर फटने के बाद बेकाबू ट्रक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली से टकराया। ट्रक चालक की मौत हुई।
गलत पार्किंग करने वाले वाहन चालकों के चालान किए जाते हैं और उन्हें जागरूक भी किया जाता है। लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कर्मियों को प्रभावित इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए जाएंगे। -सुखविंदर सिंह, एडीसीपी ट्रैफिक।
विभाग की ओर से सरप्राइज चेकिंग कर चालान किए जाते हैं। जिन इलाकों में समस्या अधिक है, वहां के एसएचओ को एफआईआर दर्ज करने के लिए भी कहा गया है। आने वाले दिनों में निरीक्षण और तेज किया जाएगा। -मनकंवल सिंह चाहल, आरटीओ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।