टीवी देखने के बहाने पड़ोसी के घर गए 16 वर्षीय युवक ने पांच साल की बच्ची से किया दुष्कर्म का प्रयास
आरोपित को गिरफ्तार करके अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में आबज्रबेशन होम में भेज दिया है और बच्ची का सरकारी अस्पताल से मेडिकल कराया है।
लुधियाना, जेएनएन। शहर में एक नाबालिग ने पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। मौके पर बच्ची की मां वहां पहुंच गई और आरोपित उसे धक्का मार कर फरार हो गया। थाना डिवीजन नंबर सात की पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म तथा पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है।
एएसआइ इकबाल सिंह ने बताया कि आरोपित 16 साल का नाबालिग है। पुलिस ने पीड़ित बच्ची की मां की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने अपने बयान में बताया कि वे एक बेहड़े में रहते हैं और आरोपित उनके साथ वाले कमरे में रहता है। वो अकसर उनके कमरे में टीवी देखने के लिए आ जाता था। 13 अगस्त की दोपहर 12 बजे उसके कमरे में से आवाज आई।
आवाज सुनने पर वह अपने कमरे में चेक करनेे के लिए चली गई। कमरे में जाकर उसने देखा कि आरोपित उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास कर रहा था। शिकायतकर्ता को देखते ही आरोपित वहां से फरार हाे गया। एएसआइ इकबाल सिंह ने कहा कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची का सरकारी अस्पताल से मेडिकल कराया गया है। आरोपित को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में आबज्रबेशन होम में भेज दिया गया।