12वीं पास युवक ने CA युवती को भेजा शादी का प्रस्ताव, इंकार किया तो अश्लील फोटो भेज मांगे 25 लाख Ludhiana News
आरोपित ने फेसबुक पर भी एक फेक आईडी बनाई। उसी आईडी से वो उन्हें वीडियो कॉल कर धमकाने लगा। आरोपित ने सुपारी किलर से मरवा देने की धमकी दे महिला को डराया।
लुधियाना, जेएनएन। एकतरफा प्यार में अंधे हुए 12वीं पास युवक को चार्टड अकाउंटेंट युवती ने शादी के प्रस्ताव को इंकार किया तो उसने अपने भाई के साथ मिल कर युवती व उसकी मौसी के मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने शुरू कर दिए। यही नहीं उसने जान से मारने व बदनाम करने की धमकी देकर 25 लाख रुपये की फिरौती तक मांग डाली। थाना दरेसी पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है।
इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि आरोपित शिव पुरी रोड स्थित प्रीत नगर की गली नंबर 5 निवासी रजनीश शर्मा व उसका भाई रॉबिन शर्मा हैं। सिविल लाइंस स्थित राजिंदर नगर निवासी 52 वर्षीय महिला ने पुलिस कमिश्नर को 25 सितंबर को दी शिकायत में बताया कि उसकी भांजी जब कॉलेज में थी। उसी दौरान आरोपित की बहन भी उसके साथ पढ़ती थी। आरोपित 12वीं पास है। जबकि उसकी भांजी अब सीए कर चुकी है। आरोपित ने उसकी भांजी के साथ शादी का प्रस्ताव रखा। जिसे उसने अस्वीकार कर दिया।
फेक आईडी बनाकर करता था वीडियो कॉल, सुपारी किलर से मरवाने की दी धमकी
उसी बात की रंजिश रखते हुए आरोपित ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसके चलते थाना दरेसी पुलिस ने उसकी भांजी की शिकायत पर उसके खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज कर लिया। उसी बात की रंजिश रखते हुए आरोपित ने उसे फोन पर धमकाना शुरू कर दिया। वो केस वापस लेने के लिए उस पर दवाब बनाने लगा। इंकार करने पर आरोपित ने फेक आइडी पर नंबर लेकर व्हाट्सएप का एक ग्रुप बना लिया। जिसमें उसने शिकायतकर्ता महिला व उसकी भांजी को भी एड कर लिया। उसी ग्रुप में आरोपित ने अश्लील फोटो व मैसेज भेजने शुरू कर दिए। उसने फेसबुक पर भी एक फेक आईडी बनाई। उसी आईडी से वो उन्हें वीडियो कॉल कर धमकाने लगा। आरोपित ने सुपारी किलर से मरवा देने की धमकी दे महिला को डराया। जिसके बाद वो उन्हें बदनाम कर देने की धमकियां देकर 25 लाख रुपये की सुपारी मांगने लगा।
फेक आईडी बनाने में आरोपित का भाई करता था मदद
उसी दौरान बीमारी के लिए महिला के 80 वर्षीय पिता को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। आरोपित ने उसके पिता को लेकर भी भद्दी शब्दाबली का इस्तेमाल किया। नवंबर अंत में महिला के भांजे की सगाई थी। उसी दिन आरोपित ने अपने साथियों समेत उस पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसके चलते थाना दरेसी पुलिस ने उन सब पर 307 के तहत केस दर्ज किया। मगर उसके बाद भी आरोपित ने अश्लील पोस्टें डालना जारी रखा। साइबर संबंधी फेक आईडी बनाने में उसका भाई उसे सहयोग करता था। मामले की जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर साइबर सेल टीम ने दोनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज करने की सिफारिश कर दी। विजय कुमार ने कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए रेड की जा रही है। जल्दी ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें