संदिग्ध हालत में महिला की मौत, पति पर हत्या करने का आरोप
फगवाड़ा के गांव गुरु नानक नगरी में बुधवार को संदिग्ध हालत में महिला की मौत हो गई।
संवाद सहयोगी, फगवाड़ा : शहर के नजदीकी गांव गुरु नानक नगरी में बुधवार को संदिग्ध हालत में बीमार महिला की मौत हो गई। मृतका के बेटे ने पिता पर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटनास्थल पर एसपी सरबजीत सिंह व डीएसपी पलविदर सिंह पुलिस कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और वारदात की जानकारी एकत्रित करने के बाद जांच में जुटे गए। मृतका की पहचान सुरिदर कौर पत्नी किशन लाल निवासी गुरु नानक नगरी फगवाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए फगवाड़ा सिविल अस्पताल में भिजवा दिया है। मृतका के बेटे की शिकायत पर मृतका के पति किशन लाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
गुरप्रीत सिंह पुत्र किशन लाल निवासी गुरु नानक नगरी ने बताया कि उसकी मां सुरिदर कौर पिछले कई महीनों से बीमार थी। उसके पिता ने इलाज करवाने से मना कर दिया था। गुरप्रीत सिंह मुताबिक इसके बाद वह अपनी मां को लेकर नाना के घर लुधियाना चला गया।। गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उसका पिता कई काम नहीं करता था। लुधियाना में उसके नाना ने मां का इलाज करवाया। करीब 15 दिन पहले उसके पिता उसे तथा मां राजीनामा कर गांव लेकर आए थे। उसकी मां को पत्थरी का आपरेशन करवाना था। दो दिन पहले उसकी मां ने पिता से पैसे मांगे परंतु पिता ने पैसे नहीं दिए। पैसे देने को लेकर वह झगड़ा भी करते रहते थे। बुधवार दोपहर जब वह स्कूल से लौटा तो देखा उसकी मां बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ी थी। उसकी सांसें चल रहीं थी। वह अस्पताल ले जाने के लिए वाहन का इंतजाम कर रहा था। इस दौरान मां की मौत हो गई। गुरप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि उसके पिता किशन लाल ने ही मां को मारा है और मौके से फरार हो गए।
डीएसपी पलविदर सिंह ने बताया कि मृतक महिला के बेटे गुरप्रीत सिंह के बयानों पर उन्होंने किशन लाल पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।