50 लाख रुपये से बदलेगी वार्ड चार की नुहार
स्थानीय कांग्रेस विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल (रिटायर्ड आइएएस) फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के सर्वपक्षीय विकास के लिए तत्पर हैं।
संवाद सहयोगी, फगवाड़ा : स्थानीय कांग्रेस विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल (रिटायर्ड आइएएस) फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के सर्वपक्षीय विकास के लिए तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि फगवाड़ा वासियों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ लोगों की मांग के अनुसार कार्य करने के लिए वचनबद्ध हैं। इसी के तहत धालीवाल के विधायक बनने के बाद से फगवाड़ा हलके में करोड़ों रुपये के विकास कार्य हो चुके है व चल रहे हैं। शुक्रवार को विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल ने नगर निगम के अंतर्गत पड़ते वार्ड नंबर चार में 50 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्य शुरू करवाए। विधायक ने कहा कि काग्रेस ने हमेशा आपसी भाईचारे को कायम रखा है तथा सभी को साथ लेकर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर चार में पड़ते गुरु नानक एवेन्यू, कीर्ति नगर, सतीश नगर में विकास कार्यो को शुरू किया गया है। विधायक धालीवाल ने कहा कि काग्रेस ने हमेशा विकास की राजनीति की है तथा इस नीति से ही शहर की नुहार बदली जाएगी। धालीवाल ने कहा कि उनका फगवाड़ा हलका उनका परिवार है तथा जनता की सेवा करना उनका नैतिक फर्ज है। उन्होंने कहा कि वार्ड के पूर्व पार्षद दर्शन लाल बड़ी मेहनत से काम कर रहे हैं तथा विकास के लिए हमेशा उनके पास आते रहते हैं। इस दौरान दर्शन लाल ने कहा कि विधायक धालीवाल के आने से शहर की दशा तथा दिशा बदल गई है। उनके थोड़े कार्यकाल में रिकार्डतोड़ विकास हुआ है। इस मौके पर ब्लाक काग्रेस शहरी के प्रधान संजीव बुग्गा, पूर्व अध्यक्ष गुरजीत पाल वालिया, पूर्व पार्षद विक्की सूद, राम सापला, अशोक कुमार, अशोक कमल, पप्पु मस्ताना, संतोष सिंह, रिंपी, कुलविंदर कौर, उर्मिला राणा, खुशी राम, संजीव जलोटा, बिंदर राम भी उपस्थित थे।