विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 08, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Punjab News: 'कांग्रेस अपने नेता को न्याय नहीं दिला सकी, न्याय यात्रा सिर्फ दिखावा', भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने कसा तंज

By Amit Orhi Edited By: Jeet Kumar
Published: Mon, 08 Jan 2024 06:30 AM (IST)

पंजाब भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही न्याय यात्रा पर तंज कसते हुए कहा ...और पढ़ें

भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने कांग्रेस पर कसा तंज
भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने कांग्रेस पर कसा तंज

संवाद सहयोगी, फगवाड़ा। पंजाब भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही न्याय यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि जो जेल में बंद अपने नेता को तो झूठे मामले में न्याय दिला नहीं पा रहे हैं वो देश को क्या न्याय दिलाएंगे।

यह बात रविवार को फगवाड़ा में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री सोम प्रकाश तथा उनकी पत्नी समाज सेविका अनीता सोम प्रकाश द्वारा आयोजित 1100 नवजात लड़कियों की लोहड़ी मनाने संबंधी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे पंजाब भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने कही।

भाजपा का एक सैद्धांतिक स्टैंड है

उन्होंने कहा कि भाजपा का एक सैद्धांतिक स्टैंड है जबकि आज विपक्षी दलों में कोई भी सैद्धांतिक स्टैंड नहीं रखता है। जो आदमी पंजाब के हक की बात करता है, बोलता है तो उसे जेल में डाला जा रहा है।

पंजाब भाजपा प्रधान ने कहा कि बेशक सुखपाल खैहरा अलग पार्टी में हैं लेकिन वह उनकी इज्जत करते हैं क्योंकि वह गलत को गलत बोलते हैं और पंजाब के हित की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि विचाराधारा अलग हो सकती है, लेकिन खैहरा मौजूदा सरकार की काली करतूतों को उजागर कर रहे थे। इसलिए उनके साथ सरासर धक्का हो रहा है।

कांग्रेस का न्याय यात्रा का नारा है, वह पूरी तरह से खोखला है

अब राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेसी न्याय यात्रा निकालने की योजना बना रही है। जो अपने जेल में बैठे नेता (खैहरा) को ही न्याय नहीं दिलवा पा रहे हैं वह देश को क्या न्याय दिलाएंगे। सबको मालूम हैं कि खैहरा पर झूठा केस बनाकर जेल में बंद किया गया है। कांग्रेस का न्याय यात्रा का नारा है, वह पूरी तरह से खोखला है।

विपक्ष आप की काली करतूतों के आगे नतमस्तक

कांग्रेस नेताओं को चाहिए कि वह केजरीवाल को कहें कि सुखपाल खैहरा पर दर्ज केस वापस लें और माफी मांगें, लेकिन यह संभव नहीं है। विपक्ष आप की काली करतूतों के आगे नतमस्तक हैं। अब पंजाब के लोगों की आस भाजपा पर है। भाजपा को छोड़कर किसी सियासी पार्टी को पंजाब की चिंता नहीं है। पंजाब को लूटा जा रहा है तो उसके लिए भाजपा आवाज नहीं उठाएगा तो कौन उठाएगा? आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर पूछे गए सवाल पर सुनील जाखड़ ने कहा कि जैसा हाईकमान का आदेश होगा उसी के अनुसार ये चुनाव लड़ेंगे।