विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बीबी जगीर कौर की घर वापसी से दोआबा में अकाली दल को मिलेगी मजबूती', सुखबीर बादल ने बनाया भुलत्थ का हलका इंचार्ज

Published: Sun, 15 Nov 2026 10:41 PM (IST)

शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल ने पार्टी छोड़कर गए नेताओं से वापसी की अपील की, कहा बीबी जागीर कौर की वापसी से दोआबा में पार्टी मजबूत होगी।

बीबी जागीर कौर की वापसी से दोआबा में पार्टी को मिलेगी मजबूती : सुखबीर बादल।

बीबी जागीर कौर की वापसी से दोआबा में पार्टी को मिलेगी मजबूती : सुखबीर बादल।

HighLights

  1. सुखबीर बादल ने अकाली नेताओं से मतभेद भुलाकर पार्टी में लौटने की अपील।

  2. बीबी जागीर कौर की वापसी से दोआबा में अकाली दल को मजबूती।

  3. पंजाब में कानून-व्यवस्था, नशे, गैंगस्टर संस्कृति पर सुखबीर बादल ने जताई चिंता।

विक्की, कपूरथला। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पार्टी छोड़कर गए सभी अकाली नेताओं से आपसी मतभेद भुलाकर दोबारा पार्टी में शामिल होने और पंजाब तथा पंथ के हितों के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि बीबी जगीर कौर की पार्टी में वापसी से दोआबा में अकाली दल को नई मजबूती मिलेगी। बेगोवाल में बीबी जागीर कौर के अकाली दल में शामिल होने के अवसर पर आयोजित जनसभा और पत्रकारवार्ता के दौरान बादल ने उन्हें भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र का हलका इंचार्ज नियुक्त करने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि भुलत्थ पंथक हलका है और बीबी जागीर कौर का अपनी पूरी टीम के साथ पार्टी में लौटना खुशी की बात है। उन्होंने उनसे सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने तथा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

सुखबीर बादल ने कहा कि बीबी जगीर कौर की वापसी से दोआबा में पार्टी की गतिविधियों को गति मिलेगी। भुलत्थ में अकाली दल का मजबूत आधार रहा है और अब सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर पार्टी को मजबूत करना चाहिए।

पंजाब की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और कानून-व्यवस्था को लेकर सुखबीर बादल ने कहा कि प्रदेश कई गंभीर चुनौतियों से गुजर रहा है। नशे का खतरा और गैंगस्टर संस्कृति चिंता का विषय हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेताओं और विधायकों पर नशा तस्करों को संरक्षण देने के आरोप लगाए और कहा कि पंजाब को इस स्थिति से बाहर निकालने के लिए मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति तथा प्रभावी प्रशासन की जरूरत है।

उन्होंने दावा किया कि अकाली दल की सरकार बनने पर कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी और अधिकारियों को जवाबदेह बनाया जाएगा। बादल ने यह भी घोषणा की कि सरकार बनने के तीन महीने के भीतर गैंगस्टरों के खिलाफ ठोस कार्रवाई कर प्रदेश को इस समस्या से मुक्त करने का प्रयास किया जाएगा।

प्रदेश सरकार के विकास और जनकल्याण के दावों पर उठाए सवाल

आप सरकार के विकास और जनकल्याण संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए बादल ने आरोप लगाया कि सरकार के पास पैसों की कमी नहीं, बल्कि नीयत की कमी है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल की सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में बड़े स्तर पर विकास कार्य करवाए गए थे, जबकि मौजूदा सरकार ने विकास कार्यों के बजाय विज्ञापनों पर अधिक पैसा खर्च किया है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के सामने अपने कामकाज का हिसाब रखना चाहिए।

बादल ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि आटा-दाल योजना, शगुन योजना, बुजुर्गों के लिए पेंशन और अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं उनके कार्यकाल में शुरू की गई थीं। उन्होंने कहा कि अकाली दल की सरकार बनने पर आप सरकार के कार्यकाल में बंद या कमजोर की गई जनकल्याण योजनाओं को दोबारा शुरू किया जाएगा।

तीर्थ यात्रा योजना के तहत बसों के ठेके और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सुखबीर बादल ने पंजाब सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना का ठेका दिल्ली की एक पार्टी से जुड़ी कंपनी को दिया गया है और बुजुर्गों को कंडम तथा अनफिट बसों में यात्रा करवाई जा रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि अकाली दल की सरकार बनने पर इस योजना से संबंधित कथित अनियमितताओं की जांच करवाई जाएगी। सरकारी धन के इस्तेमाल का पूरा हिसाब लिया जाएगा और गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित लोगों से राशि रिकवर की जाएगी।

भुलत्थ का विकास करवाना प्राथमिकता

भुलत्थ क्षेत्र के विकास का जिक्र करते हुए बादल ने कहा कि सब-डिवीजन का निर्माण और करीब 72 करोड़ रुपये की लागत वाला सीवरेज प्रोजेक्ट अकाली दल के कार्यकाल में शुरू किए गए विकास कार्यों में शामिल हैं। 2

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाना और लोगों की समस्याओं का समाधान करना पार्टी की प्राथमिकताओं में रहेगा। बीबी जगीर कौर को क्षेत्र के लोगों के साथ संपर्क बनाए रखने और उनकी समस्याओं को पार्टी तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।