पंजाब पुलिस का बर्खास्त पूर्व इंस्पेक्टर बाजवा राजस्थान से गिरफ्तार, युवकों को फर्जी केस में फंसाने का है आरोप
Punjab Police News - फिरोजपुर पुलिस ने तीन आरोपितों इंस्पेक्टर परमिंदर बाजवा एएसआइ अंग्रेज सिंह व हेड कांस्टेबल जोगिंदर सिंह खिलाफ दो माह पहले मामला दर्ज किया था। सभी को बर्खास्त करने के बाद आरोपित फरार चल रहे थे।
संवाद सहयोगी, कपूरथला। फिरोजपुर पुलिस को वांछित कपूरथला वासी इंस्पेक्टर परमिंदर बाजवा को राजस्थान की झालावाड़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाजवा पर दो माह पहले दो लोगों को एक किलो हीरोइन और पांच लाख ड्रग मनी के फर्जी केस में फंसाने के आरोप में फिरोजपुर में मामला दर्ज है। पगड़ी पहनने वाला इंस्पेक्टर बाजवा सिर मुंडवा क्लीन शेव होकर व अपना हुलिया बदलकर रह रहा था।
फिरोजपुर में दर्ज मामले में पुलिस को वाजवा की तलाश थी। इसी के चलते दो दिन पहले कपूरथला में पुलिस ने इसकी तलाश के लिए दबिश दी थी लेकिन वह हाथ नहीं आया। अब पंजाब पुलिस के इनपुट पर मध्यप्रदेश बार्डर पर नाकाबंदी की हुई थी, तभी आरोपी बाजवा राजस्थान पुलिस के हाथ चढ़ गया। उसने नाके पर पुलिस कर्मियों के साथ भी बदसलूकी की थी जिसके चलते उस पर केस दर्ज किया था।
उल्लेखनीय है कि फिरोजपुर पुलिस ने तीन आरोपितों इंस्पेक्टर परमिंदर बाजवा, एएसआइ अंग्रेज सिंह व हेड कांस्टेबल जोगिंदर सिंह खिलाफ दो माह पहले मामला दर्ज किया था। सभी को बर्खास्त करने के बाद आरोपित फरार चल रहे थे। फिरोजपुर पुलिस ने फरार चल रहे एएसआ अंग्रेज सिंह व हेड कांस्टेबल जोगिंदर सिंह सहित एक अन्य एएसआइ राजपाल सिंह को ऊना से काबू किया था। पुलिस दो माह से नारकोटिक्स सेल के पूर्व इंचार्ज परमिंदर बाजवा की तलाश कर रही थी।
पंजाब पुलिस के इनपुट पर राजस्थान की झालावाड़ पुलिस ने आरोपी इंस्पेक्टर परमिंदर बाजवा व उसके साथी ड्राइवर हरप्रीत को काबू किया था। वह हुलिया बदलकर राजस्थान में छिपा था। झालावाड़ पुलिस की ओर से आरोपितों के पकड़े जाने की सूचना के बाद पंजाब पुलिस ने आरोपितों को कब्जे में ले लिया और उसे अदालत में पेश कर चार दिन का रिमांड हासिल किया है।