कपूरथला में सरकारी गेहूं की पर्ची के लिए विवाद, डिपो होल्डर के भाई की हत्या
कपूरथला में सरकारी गेहूं की पर्ची को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान महिला उसके बेटों व अन्य लोगों ने डिपो होल्डर के भाई की हत्या कर दी।
कपूरथला [हरनेक सिंह जैनपुरी]। शहर के बीचोंबीच स्थित किला मोहल्ला में सरकारी गेहूं की पर्ची लेने को लेकर महिला व डिपो होल्डर के भाई में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला, उसके दो बेटों व अन्य लोगों ने डिपो होल्डर के भाई अनिल महाजन पर वार कर दिया। घटना के बाद महाजन बेहोश हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी मनदीप सिंह, एसपी डी विशालजीत सिंह, एसएचओ सिटी हरजिंदर सिंह हुंदल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
लाहौरी गेट निवासी मृतक के बेटे दुशांत महाजन ने बताया कि उसके ताया विजय कुमार घसीटा मल मोहल्ला लाहौरी गेट मेें डिपो होल्डर हैंं। वह अपने ताया के साथ सरकारी गेहूं की पर्चियां बांटने के लिए किला मोहल्ला नजदीक लाला वाला पीर की जगह पर गया था। साथ में पिता अनिल महाजन, ताया का लड़का अंकुश, पड़ोसी राकेश कुमार भी मौजूद थे।
करीब साढे 11 बजे वहां देबो पत्नी दौलती राम अपने दोनों बेटों भोलू व जोबन तथा अर्जुन पुत्र टहल सिंह केे साथ पहुंची। देबो ऊंचे स्वर में कहने लगी कि उसकी पर्ची क्यों नहीं काटी। मैं तुझे मार दूंगी, मैंं डिपो बंद करवा दूंगी। इस पर देबो व उसके बेटों व अर्जुन ने उसके पिता अनिल महाजन पर हमला कर दिया। दुशांत ने बताया कि आरोपितों ने पिता की छाती पर वार किया। इसके कारण वह फर्श पर गिर गए।
इसके बाद अनिल महाजन बेहोश हो गए। वहीं, आरोपित मौके से फरार हो गए। दुशांत अपने पिता को सरकारी अस्पताल कपूरथला में इलाज के लिए लाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना सिटी के एसएचओ हरजिंदर सिंह हुंदल ने बताया कि पुलिस की ओर से महिला सहित 4 कर्मचारियों के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज किया है।
72 घंटों में जिले में घटित हुई दूसरी घटना
उल्लेखनीय है कि कर्फ्यू लगा होने कारण जहां जगह जगह पर पुलिस की ओर से नाकाबंदी की गई है, परंतु इसके बावजूद इस दौरान 72 घंटों में जिले में घटित कत्ल की दूसरी घटना है। इससे पहले बीते रविवार को गांव काला संघिया में कांग्रेसी नेता बलकार सिंह मंत्री का दिनदहाड़े कत्ल कर दिया गया था। अभी पुलिस पहले हुए कत्ल के कातिलों तक नहीं पहुंची तो मंगलवार को जिले में ये दूसरी कत्ल की घटना हुई है।
यह भी पढ़ें: प्रदूषण का लॉकडाउन, वातावरण में कम हुई Nitrogen dioxide की मात्रा, शुद्ध हवा में सांस ले रहे आप
यह भी पढ़ें: छोटे उद्योगों को काम करने की अनुमति दे केंद्र, कैप्टन ने लिखा अमित शाह को पत्र
यह भी पढ़ें: शहीद मेजर अनुज सूद को पिता ने दी मुखाग्नि, कभी फफक कर रोई तो कभी एकटक देखती रही पत्नी
यह भी पढ़ें: Lockdown effect: प्रदूषण का स्तर हुआ कम, अस्पतालों में अस्थमा मरीजों में 30 फीसद गिरावट