अब तक पांच लाख मीट्रिक टन धान की खरीद : डीसी
जिले की मंडियों में धान की खरीद जारी है।
जागरण संवाददाता, कपूरथला : जिला प्रशासन की तरफ से धान की खरीद के लिए किए पुख्ता प्रबंध के चलते मंडियों में धान की खरीद निर्विघ्न तरीके से चल रही है। वही जिले ने अब तक खरीद किए गए धान की अदायगी और लिफ्टिंग में प्रमुख स्थान बरकरार रखा है। डीसी दीप्ति उप्पल ने कहा कि अब तक 519481 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है, जिसके बदले किसानों को 729.53 करोड़ की अदायगी की गई है, जोकि खरीद गए कुल धान का 86.78 प्रतिशत बनता है।
इस के अलावा खरीदी गई धान की लिफ्टिंग भी की जा रही है। अब तक खरीदे गए धान में निर्धारित मापदंड अनुसार 411237 मीट्रिक टन धान की की लिफ्टिंग लाजिमी था लेकिन सुचारू प्रबंधों से अब तक 478013 मीट्रिक टन धान की लिफ्टिग हो चुकी है, जो कि 122 प्रतिशत बनती है। कपूरथला में खरीद के लिए स्थापित 106 खरीद केंद्रों में अब तक धान की आमद 519481 मीट्रिक टन हुई है और 100 प्रतिशत धान की खरीद हो चुकी है। सबसे अधिक पनग्रेन की तरफ से 222145 मीट्रिक टन, मार्कफेड की तरफ से 167336, पनसप की तरफ से 87885, पंजाब वेयर हाउस निगम की तरफ से 37620, एफसीआइ की तरफ से 4436 और निजी व्यापारियों की तरफ से 59 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। बताते चलें कि जिले के मंडियों में रोजाना 35 हजार मीट्रिक टन धान की आमद हो रही है।