3 साल जेल में काटे, भाई की मौत पर भी नहीं आ पाया भारत, सऊदी अरब में फंसे भारत लौटे 2 युवकों ने सुनाई आपबीती
राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल के प्रयासों से सऊदी अरब में फंसे दो पंजाबी युवक, राजिंदर पाल सिंह और जसबीर सिंह, सुरक्षित भारत लौट आए हैं।
-1789868869659_m.webp)
सऊदी से लौटे पंजाबी युवकों ने सुनाई आपबीती।
HighLights
संत सीचेवाल के प्रयासों से दो पंजाबी युवक वतन लौटे
राजिंदर पाल ने तीन साल जेल में काटे, भाई की मौत
सऊदी दूतावास पर मदद के लिए पैसे मांगने का आरोप
राजिंदर पाहड़ा, सुल्तानपुर लोधी (कपूरथला)। राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल के प्रयासों से सऊदी अरब में मुश्किल हालात में फंसे दो पंजाबियों की सुरक्षित भारत वापसी हुई है।
जिला तरनतारन के राजिंदर पाल सिंह की लगभग तीन साल बाद 31 अगस्त को वतन वापसी हुई, जबकि अमृतसर से संबंधित जसबीर सिंह भी करीब आठ महीने तक विदेश में फंसे रहने के बाद तीन सितंबर को अपने परिवार के पास पहुंच गया।
शनिवार को राजिंदर पाल सिंह ने निर्मल कुटिया सुल्तानपुर लोधी पहुंचकर अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि उसे ऐसे मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें उसके साथ जा रहे ट्रकों के सामान में कथित तौर पर कुछ बरामद हुआ था।
उसने बताया कि निर्दोष होने के बावजूद कंपनी से संबंधित दस्तावेजों के कारण उसे लंबे समय तक जेल में रहना पड़ा। सजा पूरी होने के बाद भी भारत वापसी में काफी देरी हुई।
भाई की मौत में भी नहीं आ पाया भारत
राजिंदर पाल ने जेल के कठिन हालात और परिवार से दूर रहने की पीड़ा बताते हुए कहा कि एक समय उसे डर लगने लगा था कि शायद वह कभी अपने परिवार के पास वापस नहीं पहुंच पाएगा। भारत में अपने भाई की मौत की खबर को उसने अपनी जिंदगी का सबसे दुखद पल बताया।
राजिंदरपाल सिंह के परिवार ने आठ दिसंबर को संत सीचेवाल से संपर्क कर उसकी भारत वापसी के लिए मदद की अपील की थी। परिवार के अनुसार राजिंदर पाल अपनी सजा पूरी करने के बावजूद लंबे समय तक भारत नहीं लौट सका।
एक बार उसकी वापसी की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी थी, लेकिन दस्तावेजों से संबंधित आपत्ति के कारण उसे एयरपोर्ट से वापस जेल भेज दिया गया।
इसी तरह अमृतसर के जसबीर सिंह के परिवार ने सात जनवरी को संत सीचेवाल से संपर्क कर मदद की अपील की थी। लगातार पैरवी के बाद जसबीर सिंह तीन सितंबर को भारत वापस पहुंचा।
लंबी पैरवी के बाद हुई वतन वापसी
राजिंदर पाल सिंह और जसबीर सिंह की वापसी के लिए संत सीचेवाल की ओर से भारतीय विदेश मंत्रालय तथा संबंधित भारतीय दूतावास के साथ लगातार संपर्क और समन्वय किया गया। लंबी पैरवी के बाद दोनों पंजाबियों की सुरक्षित वतन वापसी संभव हो सकी।
राजिंदरपाल की माता ने भावुक होते हुए संत सीचेवाल का धन्यवाद किया। संत सीचेवाल ने पंजाब के युवाओं और उनके परिवारों से अपील की कि विदेश जाने के लिए किसी भी एजेंट या बिचौलिए पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल जरूर की जाए।
वतन लौटे राजिंदरपाल सिंह ने सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर दावे किए हैं। उसने आरोप लगाया कि बिना किसी सिफारिश के वहां भारतीयों की मदद नहीं की जाती। उसने भारतीयों को भारत वापस भेजने के लिए पैसे मांगे जाने के भी दावे किए हैं।
