प्रदेश सरकार पर फूटा किसानों का गुस्सा
पंजाब किसान मजदूर संघर्ष समिति के जोन कपूरथला सुल्तानपुर लोधी तथा जालंधर के कार्यकर्ताओं व नेताओं ने प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, सुल्तानपुर लोधी : पंजाब किसान मजदूर संघर्ष समिति के जोन कपूरथला, सुल्तानपुर लोधी तथा जालंधर के कार्यकर्ताओं व नेताओं ने मांगों को लेकर कृषि विभाग, सुल्तानपुर लोधी कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मांग कर रहे थे कि बाढ़ पीड़ित किसानों को सरकार की ओर से भेजा गया गेहूं का बीज सरल प्रणाली के साथ सरपंच की ओर से तस्दीक किए जाने पर प्रदान किया जाए। पराली को आग न लगाने वाले किसानों को छह हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से बोनस की अदायगी की जाए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि गत दिवस परमजीत पुर सोसाइटी में बाढ़ पीड़ित किसानों को बीज वितरित करने आए कृषि अधिकारियों की ओर से की जा रही कथित धांधली रोकने वाले किसान नेता सुखचैन सिंह पस्सन कदीम पर दर्ज केस रद किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी मांगें पूरी नहीं की गई तो प्रदर्शन जारी रहेगा। संघर्ष को तेज कर सड़कों पर जाम भी लगाया जाएगा। इस मौके पर जोगिदर सिंह मंढाला छन्ना, मुख्तयार सिंह मुंडी छन्ना, हाकम सिंह शाहजहानपुर, सचिव जसवंत सिंह, लखविदर सिंह बाऊपुर, परमजीत सिंह खालसा, महिदर सिंह मुंडी छन्ना, सरवन सिंह बाऊपुर, गुरमेज सिंह, अमृतपुर, बचित्तर सिंह तलवंडी चौधरियां, जोगिदर सिंह फतहपुर, गुरमेल सिंह , शेर सिंह मंड व अन्य मौजूद थे।