घर पर बुलाकर महिला पर चलाई गोली, केस दर्ज
संवाद सहयोगी सुल्तानपुर लोधी अवैध संबंध बनाकर महिला को धमकी देने और गोली मारकर गंभीर
संवाद सहयोगी, सुल्तानपुर लोधी : अवैध संबंध बनाकर महिला को धमकी देने और गोली मारकर गंभीर जख्मी करने के मामले में थाना सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने एक महिला और व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी सुल्तानपुर लोधी विक्रमजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को दर्ज करवाए बयानों के अनुसार पीड़िता और उसकी माता आरोपित जसपाल सिंह के घर काम करती थी। पीड़िता की माता के बीमार होने पर वह वह जसपाल के घर काम करने जाती थी। जसपाल सिंह ने उसके साथ अवैध संबंध बना लिए। जसपाल सिंह उससे शादी करना चाहता था पर उसके परिवारिक सदस्य नहीं माने। परिवार के सदस्यों ने जसपाल सिंह की शादी करवा दी और उसने भी गुस्से में आकर अपनी शादी किसी अन्य व्यक्ति से कर ली। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद जसपाल सिंह उर्फ सोनू उसको ब्लैकमेल करने लगा। उसके पति ने उसको तलाक दे दिया। उसने बताया कि वह पांच महीने की गर्भवती भी है। उसने जब जसपाल सिंह को स्कैनिंग करवाने के लिए कहा तो उसने उसको घर के बाहर आने के लिए कहा। जब वह जसपाल सिंह घर के बाहर आई तो उसने गोली चला दी जो कि महिला के बाजू पर लगी। बेहोशी की हालत में उसे सुल्तानपुर लोधी के सिविल अस्पताल दाखिल करवाया। एसएचओ बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि इस केस की जाच कर रहे एएसआई सरबजीत सिंह ने मौके पर जाकर महिला के बयान दर्ज कर जसपाल सिंह और उसकी पत्नी अमनदीप कौर निवासी शाह सुल्तान मोहल्ला पर केस दर्ज किया है।