वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील बांसल से पूर्व मेयर खोसला ने मिलकर महामंत्री बनने पर दी बधाई
पूर्व मेयर अरुण खोसला ने दिल्ली में वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील बांसल से मुलाकात की।
संवाद सहयोगी, फगवाड़ा : पूर्व मेयर अरुण खोसला ने दिल्ली में वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील बांसल से भेंट कर उन्हें संगठन द्वारा राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किए जाने की शुभकामनाएं दी। इस दौरान सुनील बांसल ने उनसे पंजाब तथा खास तौर पर फगवाड़ा की राजनीतिक गतिविधियों की जानकारी ली। पूर्व मेयर अरुण खोसला ने उन्हें बताया कि पंजाब सरकार ने इस साल दिसंबर में नगर निगम चुनाव करवाने का ऐलान किया है जिसके लिए पंजाब भाजपा पूरी तरह से तैयार है। पंजाब के लोग अब भाजपा की राष्ट्रहित वाली नीतियों को समझने लगे हैं और लोगों में भाजपा के साथ जुड़ने को लेकर भारी उत्साह है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब की सत्ता हथियाने के लिए विधानसभा चुनाव के समय झूठी गारंटीयों के जो सब्जबाग दिखाये थे उनकी कलई अब खुलने लगी है। इसलिए लोग कार्पोरेशन चुनाव में आप के किसी प्रलोभन में न आकर भाजपा को ही वोट देंगे। जिसकी बदौलत फगवाड़ा में लगातार दूसरी बार भाजपा जीत हासिल करेगी। दिल्ली से वापस आने पर फगवाड़ा में पत्रकारों को इस भेंट संबंधी जानकारी देते हुए अरुण खोसला ने बताया कि सुनील बांसल ने पंजाबियों से पुरजोर अपील करते हुए कहा है कि वे भाजपा से जुड़कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथ मजबूत करें, क्योंकि भाजपा ही एकमात्र वह पार्टी है जो पंजाब को दोबारा देश का सिरमौर राज्य बना सकती है।