गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गए बुजुर्ग की हत्या
रेल डिब्बा कारखाना के पास स्थित हुसैनपुर-तलवंडी चौधरियां रोड पर बुजुर्ग व्यक्ति का शव बरामद मिला।
संवाद सहयोगी, सुल्तानपुर लोधी/कपूरथला : रेल डिब्बा कारखाना के पास स्थित हुसैनपुर-तलवंडी चौधरियां सड़क पर सोमवार सुबह 75 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला है। मृतक की पहचान गांव सुखिया नंगल निवासी कर्म सिंह के रूप में हुई है। मृतक के शरीर पर गहरे जख्म व चोट के निशान मिले हैं जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सोमवार सुबह खेत में काम कर रहे व्यक्ति ने सड़क किनारे बुजुर्ग का शव देखा। उसने थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना सुल्तानपुर लोधी प्रभारी सरबजीत सिंह ने बताया कि शव का सिविल अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया हैं। कर्म सिंह सोमवार सुबह सात बजे आरसीएफ स्थित गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के लिए गया था। माथा टेकने के बाद कर्म सिंह गुरुद्वारा साहिब में सेवा भी करता था। काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसके परिजन चिंतित हो गए।
उधर, खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति ने सड़क के किनारे शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। एसएचओ सुल्तानपुर लोधी सर्बजीत सिंह पुलिस कर्मियों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और जांच की। सरबजीत सिंह ने बताया कि मृतक के शरीर पर विभिन्न जगह पर जख्मों और चोट के निशान मिलें हैं। उसकी गर्दन पर भी चोट के निशान है जिसके आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
आरोपित को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा : एसएचओ
एसएचओ सरबजीत सिंह ने बताया कि कर्म सिंह की हत्या किस वजह से हुई है इस संबंध में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। जमीन विवाद या फिर रंजिश हत्या का कारण हो सकता है। पुलिस सभी एंगल पर काम कर रही है। जल्द ही कातिल सलाखों के पीछे होंगे।