सफाई-व्यवस्था चरमराई, लगे कूड़े के ढेर
कपूरथला में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं जिससे बीमारी फैलने की आशंका है।
विकास गुप्ता, कपूरथला
विरासती शहर में सफाई-व्यवस्था चरमरा गई है। नगर निगम के कर्मचारी नियमित तौर पर सफाई नहीं कर रहे हैं। शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर से बीमारी फैलने की आशंका है। गंदगी की वजह से लोग डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
नगर-निगम का मेयर बने लगभग एक महीना हो चुका है इसके बावजूद भी शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा रही है। जगह-जगह कूड़े के ढेर के पास बेसहारा पशु भी मंडराते हुए नजर आते हैं तथा कूड़ा सड़कों पर फैला देते हैं। सफाई कर्मचारी समय पर कूड़े नहीं उठा रहे हैं जिससे समस्या विकराल रूप धारण करती जा रही है। नगर निगम के अधिकारी सफाई को लेकर गंभीर नहीं हैं। कूड़े के ढेरों से निकलने वाली बदबू, मच्छर व मक्खियों से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। गंदगी की वजह से आसपास के दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है तथा ग्राहक भी दुकानों पर आने से कतराते हैं।
शहर के सर्कुलर रोड, जलौखाना चौक, अमृतसर रोड, शालीमार बाग के पास, रणधीर कालेज के सामने तथा अन्य कई इलाकों में कूड़े के ढेर लगे हैं। बेसहारा पशु कूड़े को सड़कों पर बिखेर देते हैं तथा सड़क से होकर गुजरने वाले राहगीरों को अपना शिकार बनाते हैं।
शहर निवासी मनोज कुमार, चेतन मिनहास, हेमत, पवन कुमार, यादविदर सिंह, राजविदर सिंह, बंसी लाल, राकेश, विक्की, परमजीत सिंह आदि ने बताया कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी समय पर कूड़ा नहीं उठाते। कई बार तो सप्ताह में केवल एक या दो दिन ही कर्मचारी कूड़ा उठाते हैं जिसके कारण कूड़े के ढेर बढ़ रहे हैं।
जल्द करवाई जाएगी सफाई-ईओ
नगर निगम के ईओ आदर्श कुमार शर्मा ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना उनकी प्राथमिकता है। कूड़ा उठाने के लिए सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी जाएगी। सफाई कर्मचारियों को शहर में कूड़ा समय पर उठाने के आदेश जारी किए गए हैं।