केंद्र सरकार लोकहित में कर रही काम : सोम प्रकाश
केंद्रीय उद्योग एवं कामर्स मंत्री सोम प्रकाश ने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार देश के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
संवाद सहयोगी, फगवाड़ा : केंद्रीय उद्योग एवं कामर्स मंत्री सोम प्रकाश ने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार देश के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लॉकडाउन के बाद से लगातार देश को संबोधित कर रहे हैं। मंगलवार को एक बार फिर उनका राष्ट्र के नाम संबोधन हुआ। पीएम ने कोरोना वायरस के चलते राष्ट्र के नाम अपने संबोधन के दौरान देश के 80 करोड़ लोगों को नवंबर महीने तक मुफ्त अनाज देने की घोषणा की। इससे साबित होता है मोदी सरकार लोकहित में काम कर रही है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस पहल का केंद्रीय राज्य मंत्री सोम प्रकाश ने स्वागत किया।
सोम प्रकाश ने कहा कि प्रत्येक परिवार के एक एक सदस्य को 5 किलो गेंहू या चावल दिया जाएगा। साथ ही प्रत्येक परिवार को हर महीने एक किलो चना की दाल भी दी जाएगी। उन्होंने पंजाब सरकार से अपील की कि वह केंद्र द्वारा भेजे राशन को हर उस वर्ग में वितरित करें। उन्होंने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब सरकार ने पहले भी केंद्र सरकार द्वारा भेजी राशन सामग्री को वितरित करने में लोगों से भेदभाव किया है। मंत्री सोम प्रकाश ने कहा कि केंद्र सरकार कोरोना वायरस पर काबू पाने के लिए वचनबद्ध है।