बसपाइयों ने सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
सुल्तानपुर लोधी में तलवंडी चौधरियां चौक पर बसपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया
संवाद सहयोगी, सुल्तानपुर लोधी : बहुजन समाज पार्टी (अंबेडकर) की ओर से शुक्रवार को शहर में प्रदेश की कैप्टन अमरिदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की लोग विरोधी नीतियों तथा भ्रष्टाचार खत्म करने की मांग को लेकर तलवंडी पुल चौक पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के प्रधान देवी दास नाहर ने किया।
इस मौके पर पार्टी वर्करों को संबोधित करते हुए प्रधान देवी दास नाहर ने कहा कि पंजाब की कैप्टन सरकार ने लोगों से किए गए वादों को भुला दिया है। प्रदेश में पुलिस का अत्याचार चरम पर हैं। उन्होंने कथित तौर पर आरोप लगाया कि गांव मसीतां में गरीबों को सरकार की ओर से दिए गए पांच-पांच मरले के प्लाट पर पुलिस की शह पर कब्जे किए गए। कांग्रेस सरकार के शासन काल के दौरान लूटपाट व पुलिस की ओर से आम लोगों पर अत्याचार की घटनाओं में बेशुमार वृद्धि हुई है।
बसपा (पंजाब) के सीनियर नेता बलवंत सिंह सुल्तानपुरी ने कहा पिछड़े वर्ग व गरीब लोगों की जमीनों व दुकानों पर जबरन कब्जा किया जा रहा है। महिलाओं पर अत्याचार व धमकी देना आम बात हो गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में नशा तस्करी पर रोक नहीं लग सका है। इससे पूर्व बसपा कार्यकर्ता समीपवर्ती गांव डेरा सैयदा में जमा हुए और वहां से रोष मार्च निकालते हुए तलवंडी चौक पर पहुंचे और धरना दिया। इस मौके पर पार्टी के जिला उप प्रधान प्रकाश सिंह जब्बोवाल, जगतार सिंह तलवंडी व पूर्व शहरी प्रधान प्यारा लाल भट्ठी ने भी अपने विचार पेश किए। इस अवसर पर सैकड़ों की तादाद में पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।