अश्वनी शर्मा के फगवाड़ा दौरे पर हंगामा, युवा कांग्रेस व भाजपा नेता आमने-सामने
फगवाड़ा पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का युवा कांग्रेस ने विरोध किया।
संवाद सहयोगी, फगवाड़ा : नगर निगम चुनावों को लेकर भाजपा नेताओं से बैठक करने फगवाड़ा पहुंचे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का युवा काग्रेस के नेताओं ने जिला युवा कांग्रेस के प्रधान सौरव खुल्लर के नेतृत्व में आयोजन स्थल के बाहर पहुंचकर काली झंडियां दिखाकर घेराव करने का प्रयास किया। हालाकि पुलिस ने काग्रेस नेताओं को आयोजन स्थल के बाहर ही रोक दिया। सौरव खुल्लर ने युवा कांग्रेसी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी और अश्वनी शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान अश्वनी शर्मा का स्वागत करने खड़े भाजपा नेताओं ने भी काग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी और कांग्रेस व भाजपा नेता आमने-सामने होकर नारेबाजी करने लगे। मौके पर पहुंचे डीएसपी परमजीत सिंह ने बीच बचाव कर दोनो पार्टियों के नेताओं को शांत करवाया। पुलिस ने एहतियातन युवा काग्रेस के नेताओं को हिरासत में ले लिया और बाद में उन्हें छोड़ दिया।
जिला युवा कांग्रेस के प्रधान सौरव खुल्लर ने कहा कि लोकसभा में बहुमत होने का भाजपा गलत फायदा उठा रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का व्यवहार तानाशाहों वाला है। प्रदेशों के अधिकार छीने जा रहे हैं। कृषि सुधार कानून भी इसी साजिश का हिस्सा है जिसे लेकर प्रदेश के लोगों में रोष है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का विरोध पंजाब के लोगों की आवाज को मोदी सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया था। कृषि सुधार कानून वापस लेने में देरी होने से माहौल बिगड़ेगा जिसका खामियाजा भी देश के साथ पंजाबियों को ही भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कृषि सुधार कानून वापस लिया जाए। इस अवसर पर हरप्रीत सिंह बसरा, अमरेंद्र सिंह शेरगिल, हरजिंद्र बसरा, गुरिंद्र सिंह बाहड़ा, तजिंद्र सिंह शेरगिल, विन्नी वालिया, जतिंद्र कुमार, निक्का बसरा, तरन सिंह नामधारी, युवी फगवाड़ा, रणजीत गोबिंदपुरा, दीपू गोबिंदपुरा आदि उपस्थित थे।