हत्या के आरोपितों को मिले फांसी की सजा
भाजपा नेताओंने महाराष्ट्र के पालघर में पंच दशनाम जूना अखाड़ा के दो संतों की हत्या करने की घटना की निंदा की है।
संवाद सहयोगी, सुल्तानपुर लोधी : महाराष्ट्र के पालघर में पंच दशनाम जूना अखाड़ा के दो संतों समेत तीन लोगों की हत्या के मामले की निंदा की जा रही है। भाजपा जिला कपूरथला इकाई के उपाध्यक्ष पवन सेठी व मंडल सुल्तानपुर लोधी के प्रधान ओम प्रकाश डोगरा ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दोनों ने हत्यारों को फासी की सजा देने की माग की है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के पालघर में जूना अखाड़े के दो संतों के साथ जो हुआ वो बेहद दर्दनाक है। इस घटना से पूरी मानवता शर्मसार हो गई है। पुलिस के सामने ही महंत कल्पवृक्ष गिरि महाराज और महंत सुशील गिरि महाराज की हत्या करना सवाल खड़ा करता है। यह सरकार की विफलता दिखाता है। दुर्भाग्य की बात तो यह है कि वहा पर मौजूद पुलिस कर्मचारी भी मूकदर्शक बने हुए थे। महाराष्ट्र सरकार को इस मामले में जल्द ही कार्रवाई करना चाहिए ताकि आम जन के साथ-साथ संत समाज की नाराजगी दूर हो सके। उन्होंने कहा कि आरोपितों पर इस तरह की कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृति रोकी जा सके।