शहर में चल रही 137 डेयरियां, फैल रहा प्रदूषण
केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के आदेश के बावजूद विरासती शहर में अवैध तरीके से शहर में दूध डेरियां व तबेले चल रहे है।
हरनेक सिंह जैनपुरी, कपूरथला केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के आदेश के बावजूद विरासती शहर में अवैध तरीके से शहर में डेयरी व तबेले चलाए जा रहे हैं। नगर निगम व जिला प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड ने आदेश जारी किया है कि अब आबादी के बीच ना तो कई तबेला व डेयरी चलेगी और ना ही शहर के अंदर कोई गोशाला चलने दी जाएगी। प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के आदेश के बावजूद कपूरथला शहर में करीब 137 डेयरी व तबेले चल रहे है। कई मोहल्लों में लोगों ने अपने घरों में पशुओं को रखा हुआ है। खुले मैदानों में पड़े गोबर के ढेरों में मच्छरों के साथ-साथ अनेकों बीमारियां पनप रहीं हैं। इनको शहर से हटाने की बात तो दूर की बात, नगर निगम अब तक शहर में संचालित डेयरी की सूची तक तैयार नहीं कर पाया है।
पशुपालक अपने पशुओं को शहर की सड़कों पर छोड़ देते हैं, जिससे राहगीर आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार बनते हैं। पशुपालक पशुओं कागोबर आस-पास के खुले मैदानों में फेंक देते हैं जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है। डेयरी फार्म व तबेले को हटाने के की जिम्मेदारी नगर निगम ही नहीं बल्कि जिला प्रशासन की भी है। शहर में संचालित समस्त डेरियों को शहर सीमा से बाहर करने के लिए अभी तक ना तो नगर निगम, ना ही जिला प्रशासन और ना ही पुलिस विभाग की कोई कारवाई अमल में आई है।
जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर
शहर के लगभग समस्त मुहल्लों में डेयरी का संचालन किया जा रहा है। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में संचालित हो रही डेयरी मालिक पशुओं का गोबर तबेले के ही आस-पास खाली पड़े खुले मैदानों में फेंक दिया जाता है।
इन जगहों पर चलाई जा रही डेयरी
शहर में मोहल्ला संत पुर, अजीत नगर, ओजला फाटक, जंट्टपुरा, शालामार बाग रोड आदि समेत अन्य मोहल्लों में भी दूध की डेयरी का संचालन किया जा रहा है। पशु सड़कें पर निकलते हैं तो राहगीरों का काफी दिक्कतें होती हैं। कई राहगीर दुर्घटनाओं को शिकार बन जाते हैं।
डेयरी संचालकों को जारी करेंगे नोटिस : ईओ
नगर निगम के ईओ आदर्श कुमार का कहना है कि घनी आबादी वाले जगहों पर डेयरी का संचालन नहीं किया जा सकता है। डेरी संचालकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उन्हें जल्द से जल्द अपनी डेयरी शहर से बाहर ले जाने को कहा जाएगा।