'किकी डांस चैलेंज' के दीवाने हुए पंजाबी, पुलिस की चेतावनी- कटेगा चालान व गाड़ी भी होगी जब्त
पंजाब में भी युवा किकी डांस चैलेंज के दीवाने हो रहे हैंं। इससे पंजाब पुलिस के लिए परेशानी खड़ी हो रही है। चंडीगढ़ पुलिस ने ट्वीट जारी कर ऐसा करने वाले युवाओं को चेतावनी दी है।
जेएनएन, चंडीगढ़/जालंधर। कैनेडियन रैपर ड्रेक का गाना 'किकी डू यू लव मी' इन दिनों सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है, लेकिन पुलिस के लिए यह आफत बन गया है। चलती गाड़ी से उतरकर किया जाने वाला यह डांस हादसों को न्योता दे रहा है। इस डांस को सोशल मीडिया पर चैलेंज के तौर प्रचारित किया जा रहा है, जिसे 'किकी डांस चैलेंज' नाम दिया गया है। कई देशों में से होता हुआ यह चैलेंज भारत भी पहुंच गया है। पंजाब में भी युवा इसके दीवाने हो रहे हैं। चंडीगढ़ में चेतावनी के बावजूद युवा इस खतरनाक डांस से बाज नहीं आ रहे हैं। दूसरी अोर, पुलिस ने ऐसा करने वालोंं को चेतावनी दी है।
चंडीगढ़ पुलिस ने किया ट्वीट- चैलेंज लेने के बारे में सोच रहे हैं तो हिम्मत भी मत करना, हमारी नजर है
पंजाब में भी युवा इस खतरनाक 'किकी डांस चैलेंज' को बड़े पैमाने पर फॉलो कर रहे हैं। चंडीगढ़ पुलिस ने तो सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि ऐसा करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चंडीगढ़ के एसएसपी शशांक आनंद ने कहा है कि पुलिस ऐसा करने वालों के कड़ा एक्शन लेगी। उनका चालान भी कटेगा और गाड़ी भी जब्त की जाएगी।
अमेरिका में पुलिस ने मानव इतिहास का सबसे खतरनाक डांस मूव बताया
चंडीगढ़ पुलिस ने एक ट्वीट करते हुए चेतावनी दी है- 'चंडीगढ़ में किकी डांस चैलेंज लेने के बारे में सोच रहे हैं, तो ऐसी हिम्मत भी मत करना।' पुलिस ने भी ट्वीट कर कहा है, 'डियर पैरेंट्स, किकी आपके बच्चे से प्यार करे या नहीं, लेकिन हम जानते हैं कि आप जरूर करते हैं। इसलिए, कृपया किकी चैलेंज को छोड़कर, जीवन की हर चुनौतियों में अपने बच्चों के साथ खड़े रहें।'
किकी डांस चैलेंज युवाओं को खतरे में डाल रहा है।
अमेरिका में 1000 डॉलर जुर्माना
मुंबई, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक व पुलिस ने भी चेतावनी जारी की है। अमेरिका में पुलिस ने इसे सबसे खतरनाक डांस मूव बताया है। फ्लोरिडा की पुलिस ने यह डांस मूव करते हुए पकड़े जाने पर 1000 डॉलर का जुर्माना करने का एेलान किया है।
क्या है किकी चैलेंज
किकी चैलेंज में कैनेडियन रैपर ड्रेक के गाने 'किकी डू यू लव मी' पर लोग चलती गाड़ी से उतरकर डांस स्टेप करते हैं और कोई दूसरा आदमी गाड़ी के अंदर से उसका वीडियो बनाता है। इस दौरान गाड़ी की रफ्तार बहुत धीमी होती है। डांस के बाद वापस लोगों को गाड़ी में ही बैठना होता है। इसकी शुरुआत इंटरनेट कॉमेडियन के उस इंस्टाग्राम पोस्ट से हुई, जिसमें उन्होंने इस गाने पर डांस किया था। एक हफ्ते पहले यह गाना यूएस का नंबर-वन गाना बन गया था।
बॉलीवुड पर भी छाई खुमारी
इस गाने का खुमार लोगों पर इस कदर छाया है कि हर उम्र के लोग, हॉलीवुड व बॉलीवुड हस्तियां इस चुनौती को स्वीकार किया है। वे वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना शुरू कर दिया है। बॉलीवुड की कई एक्ट्रेस ने भी चलती गाड़ी के साथ डांस स्पेट किए। बॉलीवुड अभिनेता वरुण शर्मा, अभिनेत्री नूरा फतेही, टीवी कलाकार करिश्मा शर्मा, अदा शर्मा समेत कई हस्तियों ने वीडियो शेयर किए हैं।